उत्तर प्रदेशराज्य

मेरठ में छेड़छाड़ के विरोध पर खूनी संघर्ष, पथराव-फायरिंग

मेरठ: छेड़छाड़ के विरोध पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट, पथराव और फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ ने आरोपितों के घर पर दबिश दी, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। पीड़ित पक्ष ने तहरीर दे दी है।

यह है मामला
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने बताया कि मोहल्ले के ही कुछ युवक उनके घर के आगे बैठकर आती-जाती महिलाओं-लड़कियों से छेड़छाड़ करते हैं। उनके कई अन्य दोस्त भी आ जाते हैं। शनिवार रात भी वह छींटाकशी कर रहे थे। उन्होंने विरोध किया तो आरोपितों ने हमला कर दिया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई और पथराव होने लगा, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों पर कई राउंड फायरिंग करने का भी आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची फोर्स ने स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान पक्षों की ओर से कई लोग घायल हो गए। सीओ अरविंद चौरसिया ने आरोपित के घरों पर दबिश दी। सीओ ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

चौकी इंचार्ज पहुंचे सबसे लेट
मारपीट की सूचना पर सबसे पहले पिलोखड़ी चौकी और फिर जाकिर कालोनी चौकी पुलिस पहुंच गई थी। इसकेे बाद सीओ पहुंचे और मामले की जानकारी की। सबसे बाद में फतेहउल्लापुर चौकी क्षेत्र के इंचार्ज पहुंचे। इस पर सीओ ने उनकी क्लास भी लगाई। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी चौकी इंचार्ज की शिकायत करने में देर नहीं लगाई।

Related Articles

Back to top button