
गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल के अंदर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में हुई इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात रात करीब 9 बजे हुई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी घनकांत गोगोई को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
छह लोगों को लगी गोली, पांच ने तोड़ा दम
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थसारथी महंत ने बताया कि गोलीबारी में छह लोग घायल हुए थे, जिनमें से पांच की मौत हो गई। एक घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद जांच टीम ने अपनी कार्रवाई पूरी की।
मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल
गोलीबारी में जान गंवाने वालों की पहचान हेलेना भराली, भूदेव भराली, देबोर्श्री भराली, रिनिका भराली और नारायण दास के रूप में हुई है। मृतकों में हेलेना और भूदेव भाई-बहन थे। देबोर्श्री, भूदेव के बेटे थे, जबकि रिनिका उनकी बहू थीं। इस तरह एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। पांचवें मृतक नारायण दास भराली परिवार के साथ काम करते थे और उसी गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में घायल व्यक्ति भी इसी गांव का निवासी है।
होटल की लीज को लेकर था संपत्ति विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में गोलीबारी के पीछे होटल की लीज से जुड़ा संपत्ति विवाद सामने आया है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, होटल के मालिक पक्ष और उसे लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी घनकांत गोगोई ने होटल लीज पर लिया हुआ था। पुलिस को संदेह है कि इसी विवाद के चलते गोलीबारी की गई। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
वारदात के एक घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए घनकांत गोगोई को एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।
गौरव गोगोई ने असम सरकार की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
गुवाहाटी में हुई इस गोलीबारी पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने दुख जताया और असम में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
गौरव गोगोई ने कहा कि गुवाहाटी में हुई इस घटना से सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को निशाने पर लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के साथ गृह मंत्री की जिम्मेदारी संभालने के नाते उन्हें प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर ध्यान देना चाहिए और जवाबदेही तय करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने अधिकारियों से मामले की विस्तृत जांच कराने, दोषियों को न्याय के दायरे में लाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य केंद्र होटल की लीज से जुड़ा विवाद, गोलीबारी की परिस्थितियां और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह है।


