मध्य प्रदेशराज्य

‘खेती की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलीं’… शिवराज सिंह का बड़ा दावा, किसानों को मिल रहे 6 बड़े फायदे गिनाए

भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्यप्रदेश के विदिशा संसदीय क्षेत्र से सांसद शिवराज सिंह चौहान ने देश के कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान कृषि क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों को मिला है। शिवराज सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए किसानों के हित में लागू योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज का किसान पारंपरिक खेती की सीमाओं से आगे बढ़कर आधुनिक और विकसित कृषि पद्धतियों को अपना रहा है। इससे खेती अधिक सशक्त हुई है और किसान आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में गिनाईं बड़ी उपलब्धियां

शिवराज सिंह चौहान ने अपने पोस्ट में कहा कि किसान कल्याण को केंद्र में रखकर बनाई गई नीतियों ने कृषि क्षेत्र को नई दिशा दी है। उनके मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में खेती और किसानों दोनों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 26 लाख करोड़ रुपये से अधिक की खरीद भी की गई है।

किसानों को मिले ये 6 बड़े लाभ

केंद्रीय कृषि मंत्री ने अपनी पोस्ट में किसानों को मिले छह प्रमुख लाभों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि देशभर में 8 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं। इसके अलावा 26 करोड़ सॉयल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए, जिससे किसानों को अपनी भूमि की गुणवत्ता के अनुसार खेती करने में मदद मिली।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ने किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान के समय सुरक्षा कवच प्रदान किया है। वहीं ई-नाम प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को खेत से बाजार तक बेहतर पहुंच और व्यापार के नए अवसर मिले हैं।

खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत वृद्धि का दावा

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दिया गया है। जलवायु के अनुकूल फसल किस्मों का विकास किया गया, जबकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कृषि सेवाएं भी गांवों तक पहुंचाई गई हैं। उनके अनुसार, इन प्रयासों के परिणामस्वरूप देश के खाद्यान्न उत्पादन में 71 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

किसानों के जीवन में बदलाव का दावा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल सरकारी योजनाओं की सफलता नहीं, बल्कि करोड़ों किसानों के जीवन में आए बदलाव की कहानी है। उन्होंने कहा कि आज किसान की मेहनत को सम्मान मिला है और उसे अपनी उपज का लाभ सीधे प्राप्त हो रहा है। सरकार बीज से लेकर बाजार तक किसानों के साथ खड़ी है, जिससे कृषि क्षेत्र में भरोसा और संभावनाएं दोनों बढ़ी हैं।

Related Articles

Back to top button