मध्य प्रदेशराज्य

सीहोर में क्लोरीन गैस का रिसाव, पानी फिल्टर करने के दौरान मचा हड़कंप; 4 लोग अस्पताल में भर्ती

सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में मंगलवार रात पानी फिल्टर करने वाले एक संयंत्र से क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। घटना लसुड़िया खास गांव के काहिरी बांध के पास की है। गैस के संपर्क में आने से कुछ लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हुई। इसके बाद चार लोगों को उपचार के लिए सीहोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में भर्ती चारों लोग खतरे से बाहर

डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल में भर्ती सभी चार लोगों की हालत खतरे से बाहर है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि काहिरी बांध के पास पानी फिल्टर करने वाले संयंत्र से क्लोरीन गैस के रिसाव की सूचना मिली थी। इसके बाद बचाव दल को मौके पर भेजा गया।

गैस से प्रभावित चार लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी जांच की जा रही है। मौके पर डॉक्टरों की टीम के साथ राज्य आपदा मोचन बल और पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि किसी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।

पानी साफ करने के दौरान टैंक से हुआ रिसाव

स्थानीय लोगों के अनुसार संयंत्र में बांध के पानी को साफ करने के लिए क्लोरीन गैस का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान एक टैंक से गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक हरिओम गुप्ता ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है और अस्पताल में भर्ती सभी लोग खतरे से बाहर हैं।

Related Articles

Back to top button