State News- राज्यबिहार

सीएम नीतीश कुमार ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कई निर्देश

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री स्टीमर से गांधी घाट से पटना सिटी के कंगन घाट तक गंगा घाटों का दौरा किया और उसके बाद दानापुर के नासरीगंज तक भी गंगा घाट पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों की सफाई, सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गंगा नदी की टापूनुमा संरचना पर छठ व्रतियों को अघ्र्य देने में कोई परेशानी नहीं हो, इसकी समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि टापूनुमा संरचना पर छठ व्रतियों के आवागमन की व्यवस्था के लिए कलेक्ट्रेट घाट और महेन्द्रू घाट से टापूनुमा संरचना तक पीपापुल का निर्माण कराया जा रहा है। बांस घाट से भी टापूनुमा संरचना तक पीपा पुल के निर्माण की संभावनाओं को तलाशने के भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये छठ घाटों का निर्माण किया जाए जिससे अघ्र्य देने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने बैरिकेडिंग के भी इंतजाम करने के निर्देश दिए।

गंगा घाटों के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, पटना की गंगा नदी के किनारे बड़ी संख्या में लोग छठ महापर्व को मनाते हैं। छठ महापर्व की तैयारियों के मद्देनजर हमलोगों ने आज विभिन्न घाटों का जायजा लिया है। छठ घाटों की तैयारियों के संबंध में लोगों से विचार-विमर्श कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार अधिक वर्षापात होने से गंगा नदी में पानी का प्रवाह काफी ज्यादा है। ऐसे में छठ घाटों पर सुरक्षा इंतजाम जरुरी हैं, जिससे लोगों को कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि अधिकारी और इंजीनियर गंगा के किनारे के घाटों का जायजा लेकर छठ महापर्व को लेकर स्थल का चयन करके काम शुरू कर देंगे, जिससे छठ व्रतियों को कोई दिक्कत नहीं हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे 3 नवंबर को एक बार फिर से छठ घाटों का निरीक्षण करके तैयारियों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण भी साथ रहे।

Related Articles

Back to top button