उत्तर प्रदेशराज्य

मेरठ दलित छात्रा केस में सीएम योगी का बड़ा एक्शन! परिजनों से मिलकर किया बड़ा ऐलान, बोले- कोई दोषी नहीं बचेगा

गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस जघन्य मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सभी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मामले की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

विवेचना में लापरवाही पर भी होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया में यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।

पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता और आवास का लाभ

मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

सरकारी योजनाओं का मिलेगा प्राथमिकता के आधार पर लाभ

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र लाभार्थीपरक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।

इस दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button