
सांप-सीढ़ी खेल के जरिए समुदाय को डायरिया रोकथाम की सीख
पीएसआई इंडिया ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए तैयार किया विशेष पोस्टर, डॉ. अंजली ने कहा- पतली दस्त आने पर बच्चे को दें ओआरएस का घोल
फर्रुखाबाद : बारिश और उमस के इस बदलते मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना बहुत जरूरी होता है। ऐसे मौसम में जरा सी लापरवाही बरतने पर बच्चे डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की चपेट में आसानी से आ सकते हैं। यह बातें नगरीय स्वास्थ्य केंद्र साहबगंज की चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजली गोस्वामी ने मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं को पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) द्वारा डायरिया नियंत्रण व रोकथाम के लिए तैयार किए सांप-सीढ़ी खेल के पोस्टर प्रदान करते हुए कहीं।
डॉ. अंजली ने कहा कि बच्चे को दिन में दो से तीन बार पानी जैसी पतली दस्त आए तो आशा कार्यकर्ता द्वारा दी जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस का सेवन बच्चे को बताई गयी मात्रा के अनुसार ही कराएं ताकि बच्चे के शरीर में पानी की कमी न होने पाए। इसके साथ ही नजदीकी आशा कार्यकर्ता या स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। यह डायरिया नियंत्रण और रोकथाम के लिए यह बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित की जाने वाली बैठकों के दौरान सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से जनसमुदाय को डायरिया के प्रति आसानी से जागरूक किया जा सकेगा। इस मौके पर आशा कार्यकर्ताओं ने डायरिया की रोकथाम में पूरा सहयोग देने की शपथ ली। बैठक में पीएसआई इंडिया के अनुपम मिश्र, गावी से अरफत अंसारी, लैब टैक्नीशियन आदर्श सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



