सावन के आखिरी सोमवार मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन के आखिरी सोमवार को पश्चिम यूपी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
Meerut News: सावन के आखिरी सोमवार को पश्चिम यूपी के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के साथ पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की है। सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को मेरठ,गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, नोएडा, हापुड और बागपत स्थित प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आज सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण मंदिरों में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। सावन के अंतिम सोमवार में महादेव के मंदिरों में महिलाएं हो या पुरुष सभी अपने आराध्य को जलाभिषेक करने के साथ पूजा अर्चना कर रहे हैं। ऐसी मान्यता है कि सावन के सोमवार को भगवान शिव पर जलाभिषेक से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। गाजियाबाद के दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं की कतारें हैं।
औघडनाथ मंदिर में शिव भक्तों की भारी भीड़
सावन के चौथे सोमवार को मेरठ के प्रमुख औघडनाथ मंदिर में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने बाबा की पूजा-अर्चना और दर्शन किया। पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी तरह गढ़मुक्तेश्वर में गंगा के किनारे कांवड़ियों और शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर रहे। कांवड़ यात्रा के रास्ते पर कई पुलिस थानों के जवानों और पीएसी को तैनात किया गया। सावन के आखिरी सोमवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना की। ग्रेटर नोएडा के बिसरख स्थित रावण मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्त जमा हुए और पूजा-अर्चना की।
गंगाजल चढ़ाने के लिए 84 घंटा मंदिर में भक्त जमा
मुरादाबाद में सावन के आखिरी सोमवार को भगवान शिव को गंगाजल चढ़ाने के लिए 84 घंटा मंदिर में भक्त जमा हैं। मंदिरों में भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने के लिए भक्तों ने कतारों में लगकर गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा चढ़ाया।
कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतारें
सावन के आखिरी सोमवार को हरिद्वार के मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हैं। कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। “भगवान शिव के लिए सोमवार का दिन बहुत खास माना जाता है क्योंकि ‘सोम’ का अर्थ चंद्रमा है और माना जाता है कि भगवान शिव ने इसे अपने सिर पर धारण किया है। जो भक्त सावन के दौरान भगवान शिव की पूजा नहीं कर पाए, वे आखिरी सोमवार को गंगाजल से जलाभिषेक कर सकते हैं और बेलपत्र चढ़ा सकते हैं।”



