
शेखपुरा। बिहार के शेखपुरा जिले में करीब दो साल पुराने चंचला हत्याकांड की जांच में कथित हॉरर किलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका की मां अनिता कुमारी को गिरफ्तार किया है। अनिता सुदासपुर मिडिल स्कूल में शिक्षिका हैं और उन्हें कमासी गांव से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह स्कूल जाने के लिए निकली थीं। मामले में मृतका के पिता बचनदेव चौहान और भाई शुभम कुमार अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पंखे से लटका मिला था चंचला का शव
पुलिस के मुताबिक 25 नवंबर 2024 को चंचला कुमारी का शव उसके घर में पंखे से लटका मिला था। शुरुआत में घटना को आत्महत्या के तौर पर पेश किया गया। मृतका के पिता ने खुद को बचाने के लिए कारे गांव निवासी चंचला के प्रेमी शुभम कुमार के खिलाफ उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पूरी साजिश
जांच आगे बढ़ने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले की तस्वीर बदल दी। रिपोर्ट में युवती के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान मिले। पुलिस जांच के अनुसार पहले चंचला की गला दबाकर हत्या की गई और इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
पुलिस जांच में मां-बाप और भाई पर आरोप
पुलिस के अनुसंधान में सामने आया कि चंचला की हत्या में उसके माता-पिता और भाई की भूमिका बताई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। इसी मामले में अब मृतका की मां अनिता कुमारी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पिता बचनदेव चौहान और भाई शुभम कुमार की तलाश जारी है।
डीआईजी के आदेश के बाद तेज हुई कार्रवाई
जांच में हत्या की बात सामने आने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू हुई तो पिता ने डीआईजी से गुहार लगाई थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए कार्रवाई रुकी रही। हालांकि, जांच में हत्या की बात सही पाए जाने के बाद डीआईजी ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अब फरार पिता और भाई की तलाश के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



