गुलजार सिंह केस में सीबीआई जांच की मांग, राज्यपाल से मिले पंजाब बीजेपी नेता; मान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

चंडीगढ़: संगरूर जिले के गांव तूर बंजारा निवासी गुलजार सिंह की कथित आत्महत्या और मानसिक प्रताड़ना के मामले को लेकर पंजाब की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिला। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय सीबीआई जांच कराने की मांग की।
ड्रग्स के मुद्दे पर आवाज उठाने की मिली सजा, भाजपा का आरोप
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि गुलजार सिंह ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के कारोबार को लेकर सवाल उठाए थे। भाजपा का आरोप है कि इसके बाद उन्हें मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा और कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया, जिसके चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया।
भाजपा लीगल सेल ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
पंजाब भाजपा लीगल सेल के संयोजक एडवोकेट एन.के. वर्मा ने कहा कि गुलजार सिंह दलित समुदाय से आते थे और उन्होंने अपने क्षेत्र में खुलेआम बिक रहे नशीले पदार्थों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उन पर दबाव बनाया गया और माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया।
उन्होंने मांग की कि मामले की जांच बिना किसी राजनीतिक दबाव के कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत चार प्रमुख लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा और नौकरी की मांग
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मांग की कि गुलजार सिंह मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए। इसके अलावा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी गई।
भाजपा नेताओं ने संगरूर के शेरों गांव में मुख्यमंत्री के लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान हिरासत में लिए गए युवक मोहनजीत सिंह शेरों से जुड़े मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
भाजपा ने रखीं कई मांगें
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के सामने गुलजार सिंह मौत मामले की सीबीआई जांच, संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, दोषी पुलिस अधिकारियों पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग रखी।
पूरे पंजाब में आंदोलन की चेतावनी
राज्यपाल से मुलाकात के बाद भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मामले को केवल ज्ञापन तक सीमित नहीं रखेगी। नेताओं ने ऐलान किया कि गुलजार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने के लिए आने वाले दिनों में पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और धरने किए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव परमिंदर सिंह बराड़, रजनीश धीमान, रणजीत सिंह गिल, डॉ. सुभाष शर्मा, गेजा राम वाल्मीकि, पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरमीत सिंह राणा सोढ़ी, फतेहजंग सिंह बाजवा, बीबा अमनजोत कौर रामूवालिया, एन.के. वर्मा सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।



