बिहार

बिहार के 54 शहरों के विकास को मिली रफ्तार! 968 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी, सड़क, पानी और बिजली व्यवस्था होगी मजबूत

पटना: बिहार सरकार ने राज्य के 54 शहरों के व्यापक विकास के लिए बड़ी योजना तैयार की है। योजना एवं विकास विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए 968 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन योजनाओं का क्रियान्वयन स्थानीय क्षेत्र विकास अभिकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत किया जाएगा। इसके साथ ही पहले चरण में 320 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए हैं, जिससे चयनित शहरों में बुनियादी सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ हो गया है।

सरकार की ओर से जारी राशि के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों के विधायक और विधान पार्षद अपनी अनुशंसित विकास योजनाओं को लागू करा सकेंगे। इन योजनाओं में छोटी सड़कों का निर्माण, नालों का विकास, फुटपाथ, पार्क, सामुदायिक भवन, गली-मोहल्लों की सड़कें, पेयजल योजनाएं तथा अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार इन योजनाओं को अगले वर्ष मार्च तक पूरा किया जाना है। मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत प्रत्येक विधायक और विधान पार्षद को प्रतिवर्ष 4 करोड़ रुपये तक की योजनाओं की अनुशंसा करने का अधिकार है।

45 प्रकार की विकास योजनाओं को मिली स्वीकृति

योजना एवं विकास विभाग ने नागरिक सुविधाओं से जुड़ी 45 विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। इसके तहत छोटी और मध्यम लंबाई की सड़कों का निर्माण, गलियों का पक्कीकरण, वार्ड और मोहल्ला स्तर की संपर्क सड़कों का विकास तथा छोटे पुल और पुलियों का निर्माण कराया जाएगा।

इसके अलावा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने, सफाई व्यवस्था में सुधार, हैंडपंप, नलकूप, छोटे पेयजल स्रोत, पाइपलाइन से जुड़े स्थानीय कार्य, सार्वजनिक शौचालय, छोटे पार्क, चबूतरे और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

इन 54 शहरों में लागू होंगी विकास योजनाएं

इस योजना के तहत पटना, दानापुर, बिहारशरीफ, हिलसा, आरा, जगदीशपुर, सासाराम, सीवान, विक्रमगंज, गया, शेरघाटी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, महनार, मोतिहारी, पकड़ीदयाल, बेतिया, बगहा, सीतामढ़ी, पुपरी, भागलपुर, नवगछिया, मधुबनी, झंझारपुर, समस्तीपुर, रोसड़ा, दरभंगा, बेनीपुर, पूर्णिया, बनमनखी, कटिहार, बारसोई, बेगूसराय, बखरी, छपरा, सोनपुर, बक्सर, कैमूर, नवादा, औरंगाबाद, अरवल, गोपालगंज, शिवहर, बांका, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुंगेर, जमुई, खगड़िया, लखीसराय और शेखपुरा शामिल हैं।

एनएच-333ए पर छह नए बाइपास भी बनेंगे

दक्षिण बिहार को झारखंड से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-333ए पर भी बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जाएगा। बिहार के हिस्से में छह नए बाइपास 351.98 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जाएंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है। निर्माण कार्य को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-333ए शेखपुरा जिले के बरबीघा से शुरू होकर बांका के रास्ते झारखंड के पाकुड़ तक जाता है। बिहार में इस राजमार्ग की कुल लंबाई 199 किलोमीटर है। प्रस्तावित बाइपास मांगोबंदर, केंदुआ, टेलसोनो, झाझा, नरगंजों और भैरोगंज में बनाए जाएंगे। इनकी कुल लंबाई 22 किलोमीटर होगी। सड़क दो लेन की होगी और निर्माण एजेंसी पांच वर्षों तक इसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभाएगी।

Related Articles

Back to top button