तीन माह में दूसरी बार महंगा हुआ घरेलू एलपीजी सिलेंडर, 29 रुपये बढ़े दाम
New Delhi: आज सरकार ने तीन माह में दूसरी बार घरेलू एलपीजी सिंलेडर की कीमत में इजाफा कर दिया है। रविवार को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये बढ़ा दिए गए। रसोई गैस की कीमत में इस वृद्धि से लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। सूत्रों के अनुसार, घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी के साथ ही अब 960 रुपये से ऊपर पहुंच गई है।
रसोई गैस सिलेंडर की नई दरें आज 7 जून से लागू
रसोई गैस सिलेंडर की नई दरें आज 7 जून से लागू कर दी गई हैं। घरेलू रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद यूपी के अधिकांश जिलों में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 950 रुपये से ऊपर पहुंच गई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में दूसरी बार वृद्धि की गई है। इससे पहले सरकार ने 7 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की थी।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मार्च में की गई 60 रुपये की वृद्धि के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा था। ताजा संशोधन से पहले सरकारी तेल कंपनियों को हर घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। ऐसे में बढ़ती लागत को देखते हुए कीमतों में इजाफा करना आवश्यक माना गया।
इससे पहले मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गई है। जबकि सीएनजी करीब 6 रुपये प्रति किलो महंगी हुई थी।



