पंजाब

पंजाब में मौसम का डबल अलर्ट, 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; 23 जिलों में बिजली गिरने का खतरा

अमृतसर: पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए दोहरी चेतावनी जारी करते हुए गुरुवार को पांच जिलों में भारी बारिश और 27 जुलाई से दो दिनों तक कई क्षेत्रों में भारी से बेहद भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। अमृतसर और जालंधर समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि 23 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, हालांकि यह सामान्य से 1.7 डिग्री कम बना रहा। राज्य में सबसे अधिक 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।

इन पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार 27 जुलाई से मौसम फिर करवट लेगा और लगातार दो दिनों तक कई इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश हो सकती है।

23 जिलों में बिजली गिरने और गरज-चमक का खतरा

चंडीगढ़ और पंजाब के 23 जिलों के लिए बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की गई है।

चंडीगढ़ प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

बारिश के मद्देनजर चंडीगढ़ प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए नागरिकों से जलभराव, पेड़ गिरने या बारिश से जुड़ी अन्य समस्याओं की जानकारी निर्धारित मोबाइल ऐप के माध्यम से साझा करने की अपील की है, ताकि संबंधित एजेंसियां समय पर कार्रवाई कर सकें।

ट्राइसिटी में अगले कुछ घंटों तक बारिश के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत ट्राइसिटी क्षेत्र में अगले दो से तीन घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम रडार में आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। फिलहाल किसी बड़े खतरे की चेतावनी नहीं दी गई है, लेकिन येलो एडवाइजरी लागू है।

तापमान में गिरावट के संकेत

अमृतसर में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में 32.4, पटियाला में 34.2, फरीदकोट में 34.8, फिरोजपुर में 31.2, एसबीएस नगर में 31.7, फाजिल्का में 33.4 और रूपनगर में 32.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान अमृतसर में 25.1, लुधियाना में 26.6, पटियाला में 27.4, बठिंडा में 25.6, फाजिल्का में 27.3 और रूपनगर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

बांधों का जलस्तर बढ़ा, फिलहाल खतरे की स्थिति नहीं

लगातार बारिश के कारण भाखड़ा और पोंग बांध में जलस्तर बढ़ रहा है, हालांकि दोनों बांध अभी खतरे के निशान से नीचे हैं। भाखड़ा बांध का जलस्तर 1588.36 फीट दर्ज किया गया, जबकि इसका डेंजर लेवल 1680 फीट है। बांध में 46,585 क्यूसेक पानी की आवक और 24,474 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है।

वहीं पोंग बांध का जलस्तर 1325.78 फीट रिकॉर्ड किया गया, जबकि इसका खतरे का स्तर 1390 फीट है। यहां 50,809 क्यूसेक पानी की आवक और 8,148 क्यूसेक पानी की निकासी दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी प्रकार का तत्काल खतरा नहीं है, लेकिन जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button