राज्य

गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर पहुंचे एकनाथ शिंदे, फ्लोर टेस्ट के लिए लौटेंगे मुंबई

गुवाहाटी : शिवसेना के बागी और महाराष्ट्र के दिग्गज नेता एकनाथ शिंदे अपने समर्थक विधायकों के साथ अब गुवाहाटी से मुंबई लौटने वाले हैं। इसी कड़ी में वे बुधवार को कुछ बागी विधायकों के साथ कामाख्या मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। शिंदे ने मंदिर के बाहर संवाददाताओं से कहा कि वह बची हुई औपचारिकताएं पूरी करने के लिए गुरुवार को मुंबई लौटेंगे।

दरअसल, शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे कुछ विधायकों के साथ बुधवार तड़के ब्रह्मपुत्र के तट पर नीलाचल पहाड़ी के ऊपर स्थित कामाख्या मंदिर का दौरा किया। शिंदे और उनके सहयोगियों के साथ असम के भाजपा विधायक सुशांत बोरगोहेन भी थे। ये वही सुशांत हैं जो गुवाहाटी हवाई अड्डे पर शिंदे के उतरने के बाद से ही उनके साथ हैं। शिंदे ने मंदिर के बाहर संवाददाताओं से कहा कि मैं महाराष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए कामाख्या मंदिर गया था। मैं मां कामाख्या का आशीर्वाद चाहता हूं।

अगले कदम के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हम आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कल मुंबई लौटेंगे। शिंदे ने कहा कि कल फ्लोर टेस्ट के लिए हम सभी विधायक मुंबई जाएंगे। राज्यपाल ने बहुमत सिद्ध करने को कहा है और राज्यपाल महोदय ने सरकार से विशेष सत्र बुलाने को भी कहा है। बताया जा रहा है कि शिंदे अपने सभी विधायकों के साथ बुधवार शाम को ही मुंबई के लिए रवाना हो सकते हैं।

उधर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को बहुमत साबित करने के लिए कहा है। इसके लिए कल यानि गुरुवार शाम 5 बजे का समय दिया गया है। साथ ही राज्यपाल ने सत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की भी बात कही है। इससे पहले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार रात राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की।

बता दें कि शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे की बगावत से महाराष्ट्र में उत्पन्न राजनीतिक संकट में एक सप्ताह तक इंतजार करने के बाद भाजपा अब हरकत में दिख रही है। इसी कड़ी में अब महाराष्ट्र भाजपा के सभी प्रवक्ताओं की बैठक बुलाई गई है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चद्रकांत पाटिल ने यह बैठक बुलाई है। इस बैठक में देवेंद्र फडणवीस द्वारा राज्यपाल से मिलकर फ्लोर टेस्ट की मांग के बाद आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button