वाराणसी

जश्न-ए-आजादी में डूबा कोना-कोना, तिरंगे की शान में निकली रैलियां

चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे सुरक्षा के जवान, वंदे मातरम् व मां भारती के जयकारे से गूंज रही काशी, हर घर तिरंगा-हर मन तिरंगा, सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तान हमारा, आजादी के 75वीं वर्षगांठ की खुशी व वीर सपूतों की याद में निकाली तिरंगा यात्रा

-सुरेश गांधी

वाराणसी : 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या व अमृत दिवस के मौके पर शहर हो या देहात कोना-कोना गुलजार हो गया है। लोगों में जश्न-ए-आजादी मनाने को लेकर खासा रोमांचित कर रहा है। कहीं रैली तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये देश की आजादी का जश्न मनाया जा रहा है। लोग देशभक्ति के तरानों में डूबे हुए हैं। जगह-जगह रैलियों का आयोजन किया गया। देश की शान तिरंगा झंडा हर घर की मुंडेर पर लहरा रहा है। तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना है। चारों तरफ देशभक्ति गीत सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा, मिले सुर मेरा तुम्हारा गूंज रहे है। उन वीरों को याद कर श्रद्धाजंलि देने की तैयारी पूरी गई है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते जान कुर्बान कर दी थी। लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए।

शहर में सुबह से कहीं तिरंगा यात्रा तो कहीं बाइक और साइकिल रैली निकाली गई। तिरंगे की आन-बान और शान के लिए हाफ मैराथन और रन फॉर कंट्री मिनी मैराथन का भी आयोजन हुआ। इसमें सुरक्षा बलों के जवान, नेता, डॉक्टर, इंजीनियर, व्यापारी और गणमान्य के साथ ही आम लोग भी शामिल हुए। पीएम मोदी की अपील के बाद बनारस का हर हिस्सा तिरंगामय हो चुका है। क्या इमारतें, क्या सड़कें, क्या फ्लाईओवर हर जगह सिर्फ तिरंगा नजर आ रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत की झलक पर लोग झूमते नजर आएं तो कहीं जलियावाला बाग की शहादत की झलक देख लोग गमगीन भी हो गए। लोगों के आंखों मे यदि उस समय कुछ था तो वो थे सिर्फ आंसू। दिन चढ़ने से पहले ही हाथों में झंडा लिए लोगों की सड़कों पर भीड़भाड़ नजर आयी। लोगों के उत्साह व सड़कों पर तिरंगे के साथ उमड़ी भीड़ देखकर लगता है देश की आजादी का ये जश्न मनाने का कोई मौका छोड़ना नहीं चाहते।

जायसवाल क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल के नेतृत्व में जगतगंज कार्यालय से मां भारती मंदिर तक तिरंगा यात्रा निकाली गयी। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ स्टांप शुल्क पंजीयन राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने तिरंगा दिखाकर रवाना किया। यात्रा लहुराबीर, मलदहिया, सिगरा होते हुए भारत माता मंदिर तक गया। भारत मंदिर में दीप प्रज्वलन के बाद यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने चंद्रशेखर आजादय सरदार पटेल सहित कई शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यापार्ण किया। खास बात यह है कि तिरंगा पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष नंदलाल जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष जेडी गुप्ता, बीएल जायसवाल, मुरली जायसवाल, गोपालजी जायसवाल, नीरज जायसवाल, रमेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या स्वजातिय महिलाएं व पुरुष शामिल थे। यात्रा में युवा, बुजुर्ग, व्यापारी, नारीशक्ति सभी शान से तिरंगा लहरा रहे थे। हर कोई देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगे को सलाम करता नजर आया। इस दौरान भारत माता की जय, वंदेमातरम एवं आयकर दाता- राष्ट्र निर्माता के नारे पूरी यात्रा में लगते रहे। मनोज जायसवाल ने वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि कैसे भूले हम उन वीरों का प्रेम, बलिदान और त्याग, जिन्होंने जान गवाकर दिलाई आजादी। वीरों के पराक्रम से ही आजाद हैं देशवासी।

वाराणसी व्यापार मंडल के तत्वाधान में अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के अध्यक्षता एवं नेतृत्व में व्यापार मंडल महिला व्यापार मंडल द्वारा एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया जिसके अंतर्गत बग्गी पर भारत माता का वेश धारण किए हुए माता चल रही थी, जिसमें देश के प्रति समर्पण की भावना दिख रही थी। यात्रा गांधीनगर सिगरा, आईपी मॉल, मलदहिया चौराहा, मैदागिन चौक, विश्वनाथ मंदिर से होता हुआ गोदौलिया चौराहा पर समापन हुआ। यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि काशी प्रांत के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने तिरंगा दिखाकर किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अध्यक्ष अजित सिंह बग्गा तथा रमेश निरंकारी आदि व्यापारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button