उत्तराखंडराज्य

प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि के लिए सीएम धामी ने मकर संक्रांति पर की भगवान शिव की पूजा

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मकर संक्रांति के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री आवास स्थित शिव मंदिर में अपनी माताजी के साथ समस्त प्रदेशवासियों के सुख एवं समृद्धि हेतु भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि भगवान सूर्यदेव से प्रार्थना है कि समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार करें और प्रदेश खुशहाल हो।

गौरतलब है कि भारतीय ज्योतिष में 12 राशियों में से एक मकर राशि में सूर्य के प्रवेश को मकर संक्रांति कहते हैं। इसे हिंदुओं का बड़ा दिन भी कहा जाता है। मकर संक्रांति शिशिर ऋतु की समाप्ति और वसंत के आगमन का प्रतीक है। इसे भगवान भास्कर की उपासना एवं स्नान-दान का पवित्रतम पर्व माना गया है।

मकर संक्रांति का पर्व जीवन में संकल्प लेने का दिन भी कहा गया है। संक्रांति यानी सम्यक क्रांति। इस दिन से सूर्य की कांति में परिवर्तन शुरू हो जाता है। वह दक्षिण से उत्तर दिशा की ओर अभिमुख हो जाता है। उत्तरायण से रातें छोटी और दिन बड़े होने लगते हैं। अंधकार घटने लगता है और प्रकाश में बढ़ोतरी शुरू हो जाती है। जब प्रकृति शीत ऋतु के बाद वसंत के आने का इंतजार कर रही होती है, तो हमें भी अज्ञान के तिमिर से ज्ञान के प्रकाश की ओर मुड़ने और कदम तेज करने का मन बनाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button