
‘दंगों से विकास तक’… सहारनपुर से CM योगी का बड़ा संदेश, 2131 करोड़ की परियोजनाओं के साथ विपक्ष पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर से विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश अब तुष्टिकरण और जातीय राजनीति से निकलकर विकास और लोककल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल जातीय और सांप्रदायिक समीकरण साधने में होता था, जबकि अब वही धन सड़क, एक्सप्रेसवे, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज और पर्यटन विकास जैसी जनहितकारी योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सहारनपुर में 2,131 करोड़ रुपये की लागत वाली 325 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पुरानी कानून व्यवस्था और वर्तमान विकास मॉडल की तुलना करते हुए कहा कि सहारनपुर अब दंगों और पलायन नहीं, बल्कि विकास और औद्योगिक प्रगति के लिए पहचाना जा रहा है।
‘अब तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टिकरण की राजनीति’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार अब तुष्टीकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण की राजनीति पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में सरकारी धन का इस्तेमाल कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल, अवैध कब्जों और वोट बैंक की राजनीति में किया जाता था। जबकि वर्तमान सरकार उन्हीं संसाधनों को आधारभूत ढांचे के विकास में लगा रही है।
उन्होंने कहा कि सड़क, आरसीसी ड्रेन, स्पोर्ट्स कॉलेज, एक्सप्रेसवे, धार्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास आज सरकार की प्राथमिकता है। योगी ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है।
सहारनपुर की बदली तस्वीर का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय सहारनपुर की पहचान दंगों, कर्फ्यू, पलायन और भय के माहौल से जुड़ गई थी। वर्ष 2013 से 2016 के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश लगातार अशांति से जूझ रहा था। किसान परेशान थे, व्यापारी डर के माहौल में कारोबार कर रहे थे और युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था।
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में डबल इंजन सरकार बनने के बाद हालात बदले और सहारनपुर ने विकास की नई दिशा पकड़ी। उन्होंने कहा कि आज यह जिला बेहतर कनेक्टिविटी, उद्योग और सांस्कृतिक विरासत के लिए नई पहचान बना रहा है।
मां शाकंभरी धाम से एक्सप्रेसवे तक विकास की रफ्तार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मां शाकंभरी धाम के पुनरुद्धार, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित एयरपोर्ट, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और इंडस्ट्रियल-लॉजिस्टिक हब जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सहारनपुर में निवेश और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले की प्रसिद्ध काष्ठ कला को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। आज सहारनपुर अपनी सांस्कृतिक विरासत और औद्योगिक क्षमता के कारण नई पहचान बना रहा है।
‘एक्सप्रेसवे ने बदल दी दूरियों की तस्वीर’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सहारनपुर से दिल्ली पहुंचने में करीब 6 घंटे और लखनऊ पहुंचने में 12 से 14 घंटे लगते थे। लेकिन अब एक्सप्रेसवे और आधुनिक सड़क परियोजनाओं की वजह से दिल्ली की दूरी करीब ढाई घंटे और लखनऊ की दूरी लगभग 6 घंटे तक सिमट गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल आज भी समाज को जाति और तुष्टीकरण की राजनीति में उलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता अब विकास, सुरक्षा और राष्ट्रवाद के मुद्दों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकारों का असर जमीन पर दिखाई देता है और सहारनपुर इसका उदाहरण बन चुका है।



