मध्य प्रदेशराज्य

एमपी में बारिश के लिए गधों को खिलाए गए गुलाब जामुन, मौसम विभाग का अलर्ट; कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच राजधानी भोपाल में वर्षा की कामना को लेकर एक अनोखी परंपरा देखने को मिली। कोलार रोड क्षेत्र में लोगों ने गधों को गुलाब जामुन खिलाकर अच्छी बारिश की प्रार्थना की। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से इंद्र देव प्रसन्न होते हैं और अच्छी वर्षा होती है। दूसरी ओर, मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एस.एन. साहू के अनुसार, मध्य प्रदेश में जल्द ही मानसून का नया दौर सक्रिय हो सकता है, जिससे कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया और भिंड जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इन इलाकों में भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

23 जुलाई तक सक्रिय रह सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 23 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में बाढ़ जैसे हालात

उधर, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश के कारण कई नदियां और नाले उफान पर हैं। दरहाली नदी ने बेला कॉलोनी के पास बांध तोड़ दिया, जिससे बाढ़ का पानी नए बस अड्डे तक पहुंच गया और कई वाहन जलमग्न हो गए। अधिकांश नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं।

नगालैंड में बारिश और भूस्खलन से तीन की मौत

लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नगालैंड के मोन जिले में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और सड़क संपर्क भी प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button