टॉप न्यूज़फीचर्डराजनीतिराष्ट्रीय

शुक्रवार को हो सकती है हेमंत की ताजपोशी

रांची। झारखंड में महागठबंधन की जीत के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन की ताजपोशी की तैयारी शुरू हो गई है। झामुमो विधायक दल और घटक दलों की बैठक होने के बाद हेमंत सोरेन राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

सूत्रों ने जानकारी दी है कि हेमंत सोरेन 27 दिसंबर को झारखंड मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। मुख्यमंत्री के रूप में यह हेमंत सोरेन का दूसरा कार्यकाल होगा।

सूत्रों के अनुसार, भव्य शपथ ग्रहण समारोह खुले मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह में दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री और घटक दलों के नेता भी शिरकत करेंगे।

सूत्रों की जानकारी के अनुसार शपथ समारोह में सभी गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा जा रहा है। शपथ इस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी न्यौता भेजा जाएगा। इन नेताओं को न्योता देने हेमंत सोरेन खुद दिल्ली जा सकते हैं।

ये भी पढ़े:—सीएए और एनआरसी के खिलाफ कैम्पेन चलाने पर उच्च न्यायालय ने ममता सरकार को दिये कड़े निर्देश

महागठबंधन के पक्ष में चली चुनावी बयार में बड़े राजनीतिक उलट-फेर हुए हैं। हेमंत सोरेन ने अपना अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं। महागठबंधन में शामिल कांग्रेस ने भी अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए झामुमो को सत्ता तक ले जाने में बड़ी भूमिका निभाई और राजद ने भी खाता खोला है।

चुनाव में महागठबंधन को मिलीं 47 सीटों में झामुमो की 30, कांग्रेस की 16 सीटें और राजद की एक सीट शामिल है। भाजपा 25 सीटों पर विजयी रही।

कौन है हेमंत सोरेन

हेमन्त सोरेन का जन्म: 10 अगस्त 1975 में हुआ था यह झारखण्ड के ५वें मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इससे पहले वो अर्जुन मुंडा मंत्रीमण्डल में उप मुख्यमंत्री थे। उनकी राजनीतिक पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा है।
२०१४ के चुनावों में वे भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हेमलाल मुरमू को 24087 वोटों के अंतर से हराकर निर्वाचित हुए।

Related Articles

Back to top button