PM मोदी के नाम ऐतिहासिक रिकॉर्ड! रेखा गुप्ता बोलीं- बिना एक दिन की छुट्टी लिए देशसेवा में रहे समर्पित

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी कार्यशैली और देशसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने उत्तरी दिल्ली स्थित किशनगंज गौशाला का दौरा किया और मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के लिए मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने बिना एक भी दिन की छुट्टी लिए लगातार देश की सेवा की है और अपना जीवन राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित किया है।
गौशाला पहुंचकर की पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री की इस उपलब्धि के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता किशनगंज गौशाला पहुंचीं और मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों लोग प्रधानमंत्री मोदी के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं और उनके स्वस्थ एवं सफल नेतृत्व की कामना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश का गौरव बढ़ाने के लिए लगातार काम किया है और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि देश के विभिन्न हिस्सों में लोग उनकी इस उपलब्धि का स्वागत कर रहे हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण को बताया बड़ी उपलब्धि
रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं के केंद्र में हमेशा महिलाएं रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने के लिए देशभर में शौचालय निर्माण को बढ़ावा दिया गया, जबकि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इन पहलों ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इसी कारण देश की महिलाओं की ओर से भी वह प्रधानमंत्री को धन्यवाद देती हैं।
नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ रचा नया इतिहास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून को प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।



