बिहारराज्य

भीषण सड़क हादसा: पर्यटकों से भरी बस ट्रक से भिड़ी, तीन की मौके पर मौत, 20 घायल; मची चीख-पुकार

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया। पर्यटकों से भरी एक बस और ट्रक ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

यह दुर्घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देव मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार, पर्यटकों को लेकर बस बोधगया से उत्तर प्रदेश के काशी की ओर जा रही थी। इसी दौरान देव मोड़ गांव के समीप ओवरटेक करने के प्रयास में बस की सामने चल रहे ट्रक ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई।

मौके पर तीन यात्रियों की मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार तीन पर्यटकों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के नेल्लूर जिले के संगमा गांव निवासी हजरतया, फातमावती और पशुलेट वेंकटेश के रूप में हुई है।

20 घायल, आठ की हालत गंभीर

हादसे में घायल हुए यात्रियों को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल आठ यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button