मध्य प्रदेशराज्य

MP के रीवा में भीषण सड़क हादसा! यात्रियों से भरी बस और बल्कर की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत और 30 घायल

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। बदवार के पास एक निजी यात्री बस और कैप्सूल ट्रक यानी बल्कर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल बताए गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बल्कर पलट गया और बस सड़क से उतरकर पानी से भरे नाले में जा गिरी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कई एंबुलेंस भेजी गईं।

संजय गांधी अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी ने बताया कि हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 लोग घायल हैं। सभी घायलों को संजय गांधी अस्पताल लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बस में कोई अन्य यात्री फंसा न रह गया हो।

दो घायल ICU में भर्ती, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

रीवा कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि दुर्घटना गुढ़ से करीब चार किलोमीटर आगे बस और कैप्सूल टैंकर के बीच हुई। टक्कर के बाद बस सड़क से उतरकर किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, मेडिकल टीमें, स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने बताया कि दो घायलों का ICU में उपचार चल रहा है। कलेक्टर के मुताबिक फिलहाल मृतकों की संख्या पांच है और इसके बढ़ने की उम्मीद नहीं है।

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रीवा हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने घटना को पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सीएम मोहन यादव ने मुआवजे का किया ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तर किए गए आरक्षित

उपविभागीय मजिस्ट्रेट अनुराग तिवारी ने बताया कि अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर अन्य घायलों को भी तत्काल उपचार मिल सके। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

जिस राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर यह दुर्घटना हुई, वह उत्तर प्रदेश के झांसी को झारखंड की राजधानी रांची से जोड़ता है और मध्य प्रदेश से होकर गुजरता है।

Related Articles

Back to top button