उत्तर प्रदेशराज्य

समाजवादी सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त, महिलाओं को पेंशन भी, अखिलेश का बड़ा वादा

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोषणा की है कि सन् 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर प्रदेश के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। महिलाओं को साल में 40 हजार रुपये पेंशन में मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता स्वास्थ्य सेवाओं की बर्बादी, खाद की कमी से जूझ रही है। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है।

अखिलेश ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में बुंदेलखंड सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर चल रही बिजली की ठगी के खिलाफ उत्तर प्रदेश की जनता के गुस्से का मीटर हाई है। उसे पता चल गया है कि बेवजह जरूरत से ज्यादा मीटर रीडिंग आने और बिजली का खर्चा बेतहाशा बढ़ने का असली कारण भाजपा का भ्रष्टाचार है। जनता समझ गई है कि भाजपाई ठेके देने से पहले ही मीटर-बिजली कंपनी से एडंवास कमीशन वसूल लेते हैं, जिसकी वसूली बिजली कंपनियां मीटरों को पहले से तेज दौड़ने के लिए सेट करके करती हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा के बिजली मीटर भी, ईवीएम मशीन की तरह हेराफेरी करते हैं। भाजपाई जनता के गुस्से के करंट से दूर ही रहें। महंगे सिलेंडर और महंगी बिजली के बिल ही भाजपा का कनेक्शन सत्ता से काट देंगे। बिजली उपभोक्ता कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा। वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम दोहराते हुए 2027 में अधिक से अधिक विधायक जिताना है। भाजपा की कुटिल चालों पर नजर रखना होगा। भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी है। इसने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा झूठे आरोप लगाकर समाजवादियों को बदनाम करने की कोशिश करती है। भाजपा चाहे जितना भ्रामक प्रचार कर ले, उसकी एक भी चालाकी नहीं चल पाएगी। भाजपा अपनी चाल में सफल नहीं होगी। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा से त्रस्त आ चुकी है। पीडीए समाज भाजपा से मुक्ति चाहता है। कार्यकर्ताओं को एकजुटता और आपसी तालमेल करके भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में पराजित करना है। ऐसी रणनीति बनाकर काम करना है जिससे हर सीट पर भाजपा को हराना सुनिश्चित हो जाए। 2027 में भाजपा एक-एक सीट के लिए तरस जाए। भाजपा नरेटिव तो गढ़ती है, लेकिन जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती है। जनता से झूठे वादे करती है। भाजपा राज में मंहगाई बेतहाशा बढ़ गई है। हर विभाग, हर कार्य में भ्रष्टाचार और लूट है। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं की स्थिति दयनीय है।

Related Articles

Back to top button