जीवनशैलीस्वास्थ्य

वजन कम करना चाहते हैं तो इन चीजों को डाइट से करें बाहर, तेजी से मिलेगा फायदा

नई दिल्ली: बढ़ता वजन न केवल शरीर की फिटनेस को प्रभावित करता है, बल्कि कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है। ऐसे में विशेषज्ञों के अनुसार वजन नियंत्रित रखने और फिट रहने के लिए खानपान में अनुशासन बेहद जरूरी है। वजन घटाने की प्रक्रिया भले ही समय लेने वाली हो, लेकिन सही डाइट और लाइफस्टाइल अपनाकर इसे प्रभावी बनाया जा सकता है।

चाय-कॉफी और मीठे ड्रिंक्स से दूरी जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि रोजाना चाय और कॉफी का अधिक सेवन वजन बढ़ाने का कारण बन सकता है। इसकी जगह ग्रीन टी, अदरक-नींबू पानी, जीरा पानी और हल्दी जैसी हेल्दी ड्रिंक्स को डाइट में शामिल करना फायदेमंद माना जाता है। साथ ही कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन भी सीमित करना चाहिए, क्योंकि इनमें अधिक शुगर और कैलोरी होती है।

चीनी से भरपूर चीजें वजन घटाने में बाधा
वजन घटाने की प्रक्रिया में चीनी का सेवन कम करना बेहद जरूरी माना जाता है। पेस्ट्री, केक, कुकीज और खीर जैसी मीठी चीजें शरीर में अतिरिक्त कैलोरी बढ़ाती हैं, जिससे फैट जमा होने लगता है। हालांकि पूरी तरह मीठा छोड़ना जरूरी नहीं है, लेकिन इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।

मैदा और प्रोसेस्ड फूड से बढ़ता है मोटापा
मैदा से बनी चीजें वजन घटाने में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक मानी जाती हैं। इनमें फाइबर की कमी और कार्बोहाइड्रेट की अधिकता होती है, जिससे पाचन धीमा हो जाता है और ग्लाइसेमिक इंडेक्स बढ़ जाता है। इसके अलावा पैक्ड और प्रोसेस्ड फूड भी मोटापे और कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं।

डीप फ्राइड और ज्यादा नमक वाली चीजों से बचाव
विशेषज्ञों के अनुसार अधिक तेल में तली हुई चीजें जैसे फ्रेंच फ्राइज, चिप्स और अन्य डीप फ्राइड फूड वजन बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। इनमें मौजूद अधिक तेल और नमक शरीर में फैट बढ़ाते हैं और कई बीमारियों का खतरा बढ़ा देते हैं।

लाइफस्टाइल सुधार भी जरूरी
वजन कम करने के लिए केवल डाइट ही नहीं बल्कि जीवनशैली में सुधार भी जरूरी है। देर रात सोना और देर से उठना वजन बढ़ने का कारण बन सकता है। नियमित रूप से कम से कम 30 मिनट का व्यायाम, पर्याप्त नींद, धूम्रपान और शराब से दूरी तथा प्रोटीन युक्त आहार वजन घटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन आदतों और खाद्य पदार्थों से दूरी बना ली जाए तो वजन घटाने की प्रक्रिया को तेजी और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button