स्पोर्ट्स

IPL 2026: रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में मुंबई इंडियंस की ओपनिंग पर सस्पेंस, दो बल्लेबाजों के बीच कड़ी टक्कर

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है, जहां टीम के अनुभवी ओपनर Rohit Sharma चोट के कारण अगले कुछ मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई थी, जिसके बाद उनके आगामी दो मैचों में नहीं खेलने की संभावना जताई जा रही है।

मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ होना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि रोहित की गैरमौजूदगी में टीम के लिए पारी की शुरुआत कौन करेगा। टीम पहले से ही खराब फॉर्म से जूझ रही है और ऐसे में यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है।

ओपनिंग स्लॉट के लिए दो खिलाड़ियों में मुकाबला
रोहित शर्मा की जगह भरने के लिए टीम में दो खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। Naman Dhir और Suryakumar Yadav में से किसी एक को रेयान रिकेलटन के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी मिल सकती है।

भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज Zaheer Khan ने भी इन दोनों खिलाड़ियों को मजबूत विकल्प बताया है। उनका मानना है कि नमन धीर एक स्वाभाविक ओपनर के तौर पर बेहतर विकल्प हो सकते हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव के पास भी पहले ओपनिंग करने का अनुभव है।

विदेशी खिलाड़ी को मौका देना पड़ेगा महंगा
जहीर खान ने यह भी साफ किया कि अगर टीम रोहित के विकल्प के तौर पर किसी विदेशी खिलाड़ी को मौका देती है, तो उसे गेंदबाजी संयोजन में समझौता करना पड़ सकता है। ऐसे में टीम प्रबंधन संतुलन बनाए रखने के लिए भारतीय खिलाड़ियों पर ही भरोसा जता सकता है।

रोहित का प्रदर्शन रहा प्रभावशाली
आईपीएल 2026 में रोहित शर्मा का प्रदर्शन अब तक अच्छा रहा है। उन्होंने 4 मैचों में 165.05 के स्ट्राइक रेट से 137 रन बनाए हैं। हालांकि आरसीबी के खिलाफ मैच में वह 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, जिसके बाद से उनकी फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है।

नमन और सूर्या का प्रदर्शन औसत
अगर मौजूदा फॉर्म की बात करें तो दोनों दावेदारों का प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है। नमन धीर ने 4 मैचों में 59 रन बनाए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 4 मुकाबलों में एक अर्धशतक के साथ कुल 106 रन जोड़े हैं।

अब सबकी नजरें कप्तान Hardik Pandya के फैसले पर टिकी हैं कि वह पंजाब किंग्स के खिलाफ अहम मुकाबले में किस खिलाड़ी को ओपनिंग का मौका देते हैं।

Related Articles

Back to top button