उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगलखनऊ

देर रात हटाये गये कानपुर के जिलाधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी

transfer

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार देर रात कानपुर नगर के जिलाधिकारी डा0 ब्रह्मदेव राम तिवारी को हटा दिया। शासन ने आलोक तिवारी को कानपुर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा चार पीसीएस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।

शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार कानपुर नगर के जिलाधिकारी डा0 ब्रह्मदेव राम तिवारी को राजधानी में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में विशेष सचिव बनाकर भेजा गया है। वहीं केंद्र सरकार में अब तक प्रतिनियुक्ति पर रहे आईएएस अधिकारी आलोक तिवारी को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। आलोक तिवारी सोमवार को ही केंद्र से राज्य में वापस लौटे थे। 

अब तक कानपुर के डीएम रहे ब्रह्मदेव राम तिवारी को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव तैनात किया गया है। इसके अलावा जिन चार पीसीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं, उनमें जालौन के उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला को जालौन का नगर मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि जालौन के नगर मजिस्ट्रेट रहे हरिशंकर लाल शुक्ला को सीतापुर में अपर जिलाधिकारी न्यायिक के पद पर भेजा गया है। इसी तरह शाहजहांपुर की नगर मजिस्ट्रेट विनीता सिंह को फतेहपुर में एडीएम न्यायिक बनाया गया है। उपजिलाधिकारी सिद्धार्थनगर रहे त्रिभुवन को नगर मजिस्ट्रेट, शाहजहांपुर पद पर तैनाती दी गई है।

शासन ने विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास डॉ. मुथुकुमारसामी बी. को इन्वेस्ट यूपी के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

Related Articles

Back to top button