उत्तर प्रदेशराज्य

प्रेम संबंध बना मौत की वजह! बहन के प्रेमी की डंडे से हत्या, शव कार में ले जाकर दूसरे जिले में फेंका, फिर खुद पहुंचा थाने

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक की कथित तौर पर उसकी प्रेमिका के भाई ने डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को कार में रखकर मुरादाबाद ले गया और आम के बाग के पास फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव चक महदूदसानी निवासी 32 वर्षीय नफीस पुत्र शरीफ अहमद के रूप में हुई है। वह मंगलवार सुबह करीब छह बजे घर से बाहर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद उसकी मां तशबीरन की तहरीर पर थाना स्योहारा में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

थाने पहुंचकर आरोपी ने किया हत्या का खुलासा

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब सात बजे अलादीनपुर गांव निवासी उवैश पुत्र अहमद हसन स्वयं थाना स्योहारा पहुंचा और नफीस की हत्या करने की जानकारी दी। आरोपी की बात सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उसकी निशानदेही पर मुरादाबाद जिले के थाना कांठ क्षेत्र स्थित गांव सलेमपुरगढ़ी के पास आम के बाग से शव बरामद कर लिया गया।

प्रेम प्रसंग को बताया हत्या की वजह

थाना अध्यक्ष संजय तोमर के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन और नफीस के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। कुछ महीने पहले परिवार ने युवती का निकाह धामपुर के एक मोहल्ला निवासी युवक से तय कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी का आरोप है कि नफीस उसकी बहन को लगातार परेशान कर रहा था।

मिलने के बहाने बुलाकर किया हमला

पुलिस के अनुसार आरोपी ने मंगलवार सुबह नफीस को गांव के बाहर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान उवैश ने डंडे से हमला कर नफीस की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को कार में रखा और मुरादाबाद के गांव सलेमपुरगढ़ी के पास आम के बाग में फेंक आया।

परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दोनों कुछ दिन पहले ही लौटे थे घर

पुलिस के अनुसार नफीस मुंबई में रहकर मजदूरी करता था, जबकि आरोपी उवैश राजस्थान में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता था। दोनों लगभग 15 दिन पहले ही अपने-अपने घर लौटे थे।

Related Articles

Back to top button