
LU Admission 2026: लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक दाखिले की प्रक्रिया शुरू, 31 मई तक कर सकेंगे आवेदन
लखनऊ में स्नातक स्तर की पढ़ाई करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 31 मई तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
एलयूआरएन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, 100 रुपये शुल्क तय
प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने के लिए सबसे पहले अभ्यर्थियों को लखनऊ यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रेशन नंबर (एलयूआरएन) बनवाना अनिवार्य होगा। इसके लिए 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। एलयूआरएन के बिना किसी भी कोर्स में आवेदन मान्य नहीं होगा, यहां तक कि संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश के लिए भी यह जरूरी किया गया है।
17 कोर्स, करीब 6500 सीटों पर मिलेगा दाखिले का मौका
इस वर्ष विश्वविद्यालय द्वारा 17 स्नातक पाठ्यक्रमों में लगभग 6500 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, एलएलबी इंटीग्रेटेड सहित कई प्रोफेशनल और पारंपरिक कोर्स शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कोर्स और सीटों का विस्तृत विवरण जारी कर दिया है।
प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा चयन
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव के अनुसार, सभी पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा। परीक्षा की समय-सारिणी बाद में घोषित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऑनलाइन आवेदन के दौरान यदि भुगतान कट जाए लेकिन सफलता का संदेश न मिले, तो 48 घंटे तक दोबारा भुगतान न करें।
आवेदन प्रक्रिया में इन बातों का रखें विशेष ध्यान
ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को सबसे पहले “न्यू रजिस्ट्रेशन” पर क्लिक कर अपनी लॉगिन आईडी बनानी होगी। इसके लिए एक वैध ईमेल आईडी होना जरूरी है, क्योंकि ओटीपी उसी पर भेजा जाएगा। लॉगिन बनाने के बाद अभ्यर्थी को अपना पूरा विवरण भरकर प्रोफाइल तैयार करनी होगी। इसके बाद 100 रुपये का भुगतान कर एलयूआरएन पंजीकरण पूरा किया जाएगा।
आवेदन शुल्क की विस्तृत जानकारी
स्नातक कोर्स के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यू वर्ग के अभ्यर्थियों को 1200 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के लिए यह शुल्क 600 रुपये निर्धारित है। प्रोफेशनल कोर्स के लिए सामान्य वर्ग का शुल्क 1500 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 750 रुपये रखा गया है। डीफार्मा कोर्स के लिए भी यही शुल्क लागू होगा।
विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटों का ब्योरा जारी
विश्वविद्यालय में बीए (एनईपी), बीएससी बायोलॉजी और गणित, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएससी एग्रीकल्चर, एलएलबी इंटीग्रेटेड, डीफार्मा, योग, रिन्यूएबल एनर्जी, होटल मैनेजमेंट, फाइन आर्ट्स सहित कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। कुछ कोर्स केवल कॉलेज स्तर पर संचालित होंगे।



