उत्तराखंडराज्य

मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, 25 फरवरी तक उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि के आसार

भीमताल। मौसम विभाग ने राज्य में एक बार फिर से खराब मौसम का यलो अलर्ट जारी किया है। 25 फरवरी तक उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि होने के आसार हैं। नैनीताल जिले में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल जिले में 25 फरवरी तक , कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। नैनीताल में अधिकतम 13.0 से 15.0 व न्यूनतम तापमान 1.0 से 4.0 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हवा के 6.0-8.0 किमी/घंटे की गति से पूर्व-दक्षिण-पूर्व व पूर्व दिशा से चलने का अनुमान है। उत्तराखंड में 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। खासतौर से बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश होने के साथ ही बर्फबारी होने के आसार हैं। इधर, हल्द्वानी में मंगलवार सुबह से ही चटख धूप खिली रही। लोगों ने दिन के समय गुनगुनी धूप का आनंद लिया। यहां रात के समय तापमान काफी नीचे जा रहा है। हालांकि दिन के समय गर्मी बढ़ रही है। यहां अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इधर हल्द्वानी में शाम के समय से मौसम में परिवर्तन होने लगा। यहां ठंडी हवाएं चलने लगीं और बादल छा गए।

नैनीताल जिले के पर्वतीय इलाकों में ठंड अब भी जारी है। मंगलवार सुबह पर्वतीय इलाकों में हल्के बादल छाने से ठंड रही। दोपहर बाद चटख धूप खिली। जिले के कुछ स्थानों में अब भी बर्फ जमी हुई है। इससे पर्वतीय इलाकों में सर्द हवा चलने से ठंड जारी है। मंगलवार को नैनीताल, भीमताल, भवाली, गागर,मुक्तेश्वर आदि इलाकों में सुबह से बादल और दोपहर बाद चटख धूप खिली। धूप खिलने से ठंड से थोड़ा राहत मिली। पाला गिरने से पहाड़ों में सुबह शाम कड़ाके की ठंड जारी है। इधर, नैनीताल में मंगलवार को पर्यटकों की संख्या सामान्य रही। हालांकि, बर्फबारी की उम्मीद में यहां फिर से पर्यटक जुटना शुरू हो गए हैं।

माह में चौथी बार सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ
फरवरी में अभी तक तीन बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुके हैं। 22 फरवरी से चौथा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस बार ठंड के दौरान करीब 11 बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। ठंड के दिनों में बारिश सामान्य से ज्यादा हुई है। 2500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले स्थानों में कुछ जगहों पर अभी भी बर्फ जमी हुई है।

Related Articles

Back to top button