मध्य प्रदेशराज्य

मध्य प्रदेश को मोदी कैबिनेट की 4415 करोड़ की बड़ी सौगात, दो हाईवे होंगे अपग्रेड; कई जिलों को मिलेगा सीधा फायदा

भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में मध्य प्रदेश के सड़क और आधारभूत ढांचा विकास को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। कैबिनेट ने नेशनल हाईवे-347बी के दो महत्वपूर्ण हिस्सों के उन्नयन और चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है। करीब 4415 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से प्रदेश के कई जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

परियोजना के तहत कुल 233.635 किलोमीटर लंबे मार्ग का विकास किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना मध्य प्रदेश में सड़क संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

दो हिस्सों में होगा हाईवे का विस्तार

कैबिनेट की मंजूरी के अनुसार नेशनल हाईवे-347बी के दो अलग-अलग सेक्शन को अपग्रेड किया जाएगा। पहले चरण में हिवरखेड़ी-रोशनी-आशापुर-रूढ़ी मार्ग के लगभग 125 किलोमीटर हिस्से में मौजूदा संकरी सड़क को दो लेन में विकसित किया जाएगा।

वहीं दूसरे चरण में 108.643 किलोमीटर लंबे देशगांव-जुलवानिया सेक्शन को टू-लेन से फोरलेन में अपग्रेड किया जाएगा। इसके अलावा खरगोन जिले में यातायात दबाव कम करने के लिए 16.20 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड बाईपास के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है।

इस परियोजना से बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

पीएम गति शक्ति योजना का अहम हिस्सा

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार यह परियोजना प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही है। इसके माध्यम से प्रदेश के कई महत्वपूर्ण औद्योगिक और आर्थिक केंद्र बेहतर सड़क संपर्क से जुड़ेंगे।

परियोजना से एक टेक्सटाइल क्लस्टर, दो मेगा फूड पार्क, एक औद्योगिक पार्क और दो सुपर थर्मल पावर प्लांट को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा खंडवा और बड़वानी सहित पांच प्रमुख सामाजिक केंद्र भी इस मार्ग से जुड़े होंगे।

आदिवासी जिलों को मिलेगा विकास का नया रास्ता

हाईवे परियोजना का लाभ बैतूल, खंडवा और खरगोन जैसे आदिवासी बहुल जिलों को भी मिलेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क के जरिए इन क्षेत्रों में व्यापार, परिवहन और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना जताई जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क संपर्क मजबूत होने से औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

नरसिंहपुर दौरे पर आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक बार फिर मध्य प्रदेश दौरे पर आने की संभावना जताई जा रही है। उनका संभावित दौरा नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा क्षेत्र में प्रस्तावित है, जहां वे सुपर थर्मल पावर स्टेशन विस्तार परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को गाडरवारा आने का आमंत्रण दिया था। हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल दौरा प्रस्तावित है और आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना बाकी है।

Related Articles

Back to top button