₹300 सस्ता LPG सिलेंडर पाने का मौका! 10 करोड़ से ज्यादा परिवार उठा रहे फायदा, जानिए कैसे करें आवेदन

भोपाल: घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना करोड़ों परिवारों को बड़ी राहत दे रही है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को बाजार मूल्य की तुलना में 300 रुपये तक सस्ता एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। यही वजह है कि देशभर में 10.55 करोड़ से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं।
दिल्ली का उदाहरण लें तो सामान्य उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये में मिलता है, जबकि उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को यही सिलेंडर केवल 613 रुपये में उपलब्ध हो रहा है। खास बात यह है कि यह कीमत सिलेंडर की वास्तविक आपूर्ति लागत से भी काफी कम है।
33 करोड़ LPG उपभोक्ताओं में 10.55 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में वर्तमान में लगभग 33 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। वर्ष 2014 में यह संख्या करीब 14.52 करोड़ थी। उज्ज्वला योजना के विस्तार के बाद करोड़ों नए परिवार स्वच्छ ईंधन से जुड़े हैं और महिलाओं को रसोई में धुएं से राहत मिली है।
योजना के तहत लाभार्थियों को बाजार मूल्य से 300 रुपये तक की राहत मिल रही है। वहीं आपूर्ति लागत के मुकाबले भी उन्हें काफी कम कीमत पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
कंपनियों के नुकसान की भरपाई कैसे होती है?
एलपीजी की सप्लाई लागत और उपभोक्ताओं से वसूली जाने वाली कीमत के बीच अंतर के कारण तेल विपणन कंपनियों को बड़ा वित्तीय बोझ उठाना पड़ता है। इसके अलावा उज्ज्वला योजना के तहत दी जाने वाली सब्सिडी भी कंपनियों के खर्च को बढ़ाती है।
जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष तेल कंपनियों को करीब 41,338 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। चालू वर्ष में यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इस नुकसान की आंशिक भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष में करीब 30,000 करोड़ रुपये के मुआवजे का प्रावधान किया है।
कैसे मिलेगा 300 रुपये सस्ता सिलेंडर?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिला को अपने नजदीकी गैस वितरक के पास आवेदन करना होगा। आवेदन करने वाली महिला की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और उसके परिवार में पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए।
पात्र महिला आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और आवश्यक घोषणा पत्र जमा कर आवेदन कर सकती है। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उसे उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किया जाता है।
बिना सिक्योरिटी मनी मिलता है कनेक्शन
उज्ज्वला योजना के तहत पात्र महिलाओं को गैस कनेक्शन लेने के लिए किसी प्रकार की सिक्योरिटी राशि जमा नहीं करनी पड़ती। इसके अलावा लाभार्थियों को पहला भरा हुआ गैस सिलेंडर और गैस चूल्हा भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करना है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए केवाईसी आवेदन फॉर्म भरना आवश्यक है। इसके साथ आधार कार्ड की प्रति, राशन कार्ड या परिवार के सदस्यों का विवरण देने वाला राज्य सरकार द्वारा मान्य दस्तावेज जमा करना होता है।
यदि आवेदक का वर्तमान पता आधार कार्ड में दर्ज पते से अलग है तो अलग से पता प्रमाण पत्र भी देना होगा। प्रवासी आवेदकों के लिए स्व-घोषणा पत्र अनिवार्य है। इसके अलावा बैंक पासबुक की प्रति या रद्द चेक भी आवेदन के साथ जमा करना होगा।
उज्ज्वला योजना में क्या-क्या सहायता मिलती है?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सरकार 14.2 किलोग्राम सिलेंडर वाले कनेक्शन के लिए 2,050 रुपये और 5 किलोग्राम सिलेंडर वाले कनेक्शन के लिए 1,300 रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करती है।
इस राशि में सिलेंडर की सिक्योरिटी डिपॉजिट, प्रेशर रेगुलेटर, एलपीजी पाइप, घरेलू गैस उपभोक्ता कार्ड, निरीक्षण, स्थापना और उपयोग संबंधी प्रदर्शन शुल्क शामिल होता है।
इसके अतिरिक्त सभी पात्र लाभार्थियों को तेल विपणन कंपनियों की ओर से पहला एलपीजी रिफिल और गैस चूल्हा भी मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है।



