मुंबई इंडियंस को मिली 103 रन की करारी हार, कप्तान हार्दिक पांड्या का इन खिलाडियों पर फूटा गुस्सा

IPL 2026 Updates: आईपीएल के मुकाबले में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों 103 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने हार की वजह बताते हुए साफ कहा कि पावरप्ले में लगातार विकेट गंवाना टीम पर भारी पड़ गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने दमदार प्रदर्शन किया। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार शतक जड़ते हुए 54 गेंदों में 101 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी की बदौलत CSK ने 6 विकेट पर 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
गेंदबाजी में अकील हुसैन ने कहर बरपाया। उन्होंने मात्र 17 रन देकर 4 विकेट झटके और एक मेडन ओवर भी डाला, जिससे मुंबई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। 208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही अहम विकेट गिरने के बाद टीम कभी संभल नहीं पाई और 19 ओवर में सिर्फ 104 रन पर ऑल आउट हो गई।
मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने कहा, “पावरप्ले में विकेट गंवाना हमारे लिए सबसे बड़ा नुकसान साबित हुआ। हम उस दबाव से बाहर नहीं निकल सके। हमें बल्लेबाजी में और बेहतर करना होगा।” पिच पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि दोनों टीमों ने एक ही पिच पर खेला, लेकिन सैमसन की शानदार पारी और अन्य बल्लेबाजों के सहयोग ने फर्क पैदा कर दिया। अब मुंबई इंडियंस के पास कुछ दिन का समय है, जिसमें टीम अपनी रणनीति पर फिर से काम करेगी और अगले मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी



