राज्यराष्ट्रीय

नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं हुआ, कल 10:30 बजे होगी कैबिनेट की मीटिंग

चंडीगढ़। पंजाब में मंगलवार को नवजोत सिंह सिद्धू का अचानक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद फिर सियासी घमासान मच गया है। उधर नव नियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी नाराज मंत्रियों और सिद्धू को मनाने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह 10:30 बजे कैबिनेट की मीटिंग में सिद्धू की स्थिति पर मंथन होगा।

कांग्रेस सूत्रों की मानें तो नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया गया है। शीर्ष नेतृत्व ने राज्य नेतृत्व से पहले अपने स्तर पर मामले को सुलझाने को कहा है। इधर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद उनके गुट के मंत्रियों का भी इस्तीफा जारी हो गया है। इधर कैप्टन गुट के विधायकों की तरफ से फ्लोर टेस्ट कराने की आवाजें उठने लगी है।

नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद शिक्षा और युवा मामलों के मंत्री परगट सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही रजिया सुल्ताना ने भी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। योगेंद्र ढींगरा ने भी प्रदेश कांग्रेस महासचिव के पद से त्यागपत्र दे दिया है सूत्रों की मानें तो कैप्टन अमरिंदर सिंह के समर्थक विधायकों ने उन्हें फोन पर कहा कि पंजाब विधान सभा में फ्लोर टेस्ट कराने की मांग की जाए।

वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब के हालातों पर पूरी नजर रखे हुए हैं। समर्थकों से उन्होंने कहा कि जल्द कोई बड़ा कदम उठाएंगे। उन्होंने समर्थकों से इंतजार करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button