स्पोर्ट्स

नीरज चोपड़ा और रानी रामपाल ने खेल रत्न अवॉर्ड मिलने पर इस अंदाज में फैन्स को कहा शुक्रिया

नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीत कर इतिहास रचने वाले स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा और भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुने जाने पर फैन्स का शुक्रिया अदा किया है। इस साल नीरज-रानी समेत 12 खिलाड़ियों को देश का मान बढ़ाने के लिए 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले अवॉर्ड समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह पिछले साल कोविड-19 महामारी के कारण ऑनलाइन आयोजित किया गया था।

नीरज ने ट्वीट करते हुए लिखा, ”कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित होने के लिए बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं। आप सभी के सहयोग और सपोर्ट के लिए तहेदिल से धन्यवाद। कोशिश यही रहेगी कि आगे भी अपने परफॉरमेंस से देश के लिए और सक्सेस हासिल कर पाऊं। जय हिन्द।” वहीं रानी रामपाल ने लिखा, ”आज खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करना अद्भुत था। जैसे ही अवॉर्ड लेकर मैं वापस अपनी सीट पर गई, मुझे वो साल याद आ गए, जब मैंने बुनियादी उपकरणों के लिए कड़ी मेहनत की थी। कभी-कभी बेशक न्यूट्रिशन भी एक हॉकी खिलाड़ी बनने के लिए जरूरी था।”

बता दें कि ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडल विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को मंगलवार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार विजेताओं की लिस्ट में शामिल किया गया, जिससे देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के इस साल के विजेताओं की संख्या 12 पहुंच गई। मनप्रीत के नाम की सिफारिश पहले अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई थी, लेकिन अब वे खेल रत्न पाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अनुभवी गोलकीपर पी आर श्रीजेश के साथ दूसरे हॉकी खिलाड़ी के रूप में शामिल हो गए हैं। खेल रत्न पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में ओलंपिक सिल्वर मेडल विजेता पहलवान रवि दहिया भी शामिल है। महिला क्रिकेटर मिताली राज को भी खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। अर्जुन पुरस्कार विजेताओं में अधिकतर पैरालंपिक खेलों में सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी हैं। इनमें क्रिकेटर शिखर धवन भी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button