आईएमडी के अलर्ट पर पश्चिम यूपी के जिले, जाने आज मौसम का हाल
पश्चिम यूपी के मेरठ, बागपत, शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया
Meerut News : पश्चिम यूपी के अधिकांश जिले आईएमडी के यलो अलर्ट पर हैं। आज गुरुवार को सुबह से आसमान में बादलों का डेरा है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत और नोएडा में आज मौसम दिन में ऐसा ही रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार जून माह में मौसम अब भीषण गर्मी वाला होने की उम्मीद कम ही है।
पश्चिम विक्षोभ ने कम किया नौतपा का प्रभाव
पश्चिम उत्तर प्रदेश में गर्मी अब कुछ कम हुई है। बीते दिनों सक्रिय हुए पश्चिम विक्षोभ के चलते नौपता का प्रभाव कम रहा है। अब आज चार जून से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना है।
चलेगी 50 किमी की रफ्तार से हवाएं
मौसम वैज्ञानिक सूरज देव के अनुसार पश्चिम यूपी के मेरठ, बागपत, शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में विक्षोभ सक्रिय है वहां तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। पिछले दो दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। बुधवार को मेरठ सहित पश्चिम जिलों का अधिकतम तापमान का औसत 38 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा था। मौसम विभाग के अनुसार मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, हापुड, गाजियाबाद, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, हाथरस और मथुरा व आसपास के क्षेत्र में पांच और छह जून को पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। जिससे इन क्षेत्रों में आंधी और बारिश के आसार हैं।



