राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली में प्रगति की 54वीं बैठक की अध्यक्षता की

नई दिल्ली ( दस्तक डेस्क) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल नई दिल्ली के सेवा तीर्थ में सक्रिय शासन और योजनाओं के समयबद्ध कार्यान्वयन के लिए प्रमुख मंच- प्रगति की 54वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री ने 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रेलवे, एकता मॉल और ड्रग पार्क से जुड़ी अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा की। इन परियोजनाओं की लागत 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। प्रधानमंत्री ने संबंधित मंत्रालयों और राज्य सरकारों से परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं को मिशन मोड में दूर करने का निर्देश दिया।

प्रधानमंत्री ने मुख्य सचिवों से हर महीने जिलाधिकारियों के साथ सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकारी खर्च का असली उद्देश्य लोगों के जीवन में सुधार लाना होना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम एकता मॉल में स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलना चाहिए। इससे कारीगरों की आजीविका बेहतर होगी और उनके कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मुख्य सचिवों से इन मॉल के काम की नियमित समीक्षा करने और इन्हें समय पर पूरा करने को कहा।

आंध्र प्रदेश, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बल्क ड्रग पार्क की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने दवाओं में इस्तेमाल होने वाले जरूरी कच्चे माल का देश में उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा।

आकांक्षी जिला और आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नियमित निगरानी और विभागों के बीच बेहतर तालमेल से पिछड़े क्षेत्रों का विकास तेजी से हो सकता है। उन्होंने बताया कि लगातार प्रयासों से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की समीक्षा करते हुए देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों को मेट्रो और परिवहन के अन्य साधनों से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को आने-जाने में आसानी हो।

Related Articles

Back to top button