उत्तर प्रदेशराज्य

प्रयागराज पहुंची प्रियंका वाड्रा ने उप्र में कानून व्यवस्था पर उठाया सवाल

प्रदेश में कानून व्यवस्था की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस सरकार में गरीबों दलितों एवं वंचितों की कोई सुनवाई नही हो रही है। यह बाते कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने शुक्रवार शाम फाफामऊ के गोहरी गांव में मृतक परिवारों से मिलने के बाद कही।

प्रियंका वाड्रा शुक्रवार शाम एयरपोर्ट से आनन्द भवन गई। वहां कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वो सीधे प्रयागराज के फाफामऊ के गोहरी मोहनगंज गांव के मृतक फूलचंद पासी के परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। पीड़ित परिवार ने प्रियंका से मिलकर बताया कि पड़ोस के सामन्ती गुण्डों ने नृशंस तरीके से हत्या कर दी थी। दो एफआईआर कराने के बाद भी पुलिस ने कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बुलन्द होते गये। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने गुण्डों को संरक्षण दिया और खुलकर गुण्डों का साथ दिया। परिवार की महिलाओं ने कांग्रेस महासचिव से अपनी पीड़ा साझा की।

प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार कानून व्यवस्था की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं। उत्तर प्रदेश में पुलिस बेलगाम है। योगी सरकार का इकबाल गायब है। प्रदेश पुलिस पीड़ित को न्याय देने के बजाय धन उगाही में ज्यादा रूचि रखती है। और कभी-कभी अन्याय करने वाले के साथ खड़ी दिखाई देती है। जिसके फलस्वरूप फुलवरिया गोहरी जैसी घटनायें घटती हैं।

Related Articles

Back to top button