
पटना: बिहार के पूर्णिया निवासी मो. जफर को आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने मेरठ से गिरफ्तार किया है। उस पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के लिए काम करने और पाकिस्तान तक रकम पहुंचाने का आरोप है। शुरुआती पूछताछ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई मदरसों से उसके कथित संपर्क सामने आए हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
जांच के अनुसार, जफर ने क्रिप्टो करेंसी के जरिए पाकिस्तान के एक नंबर पर रकम ट्रांसफर की थी। यह रकम कथित तौर पर जिहाद के नाम पर मदरसों से चंदे के रूप में जुटाई गई थी। इस पूरे वित्तीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। एटीएस ने सोमवार को जफर को लखनऊ की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मसूद अजहर से प्रभावित होने का आरोप
एटीएस के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक संदिग्ध व्यक्ति के सक्रिय होने और मदरसे के नाम पर चंदा जुटाकर पाकिस्तान भेजे जाने की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। पड़ताल के दौरान चंदे की रकम जैश-ए-मुहम्मद से जुड़े लोगों तक पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई।
जांच एजेंसी का दावा है कि जफर जैश-ए-मुहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर से प्रभावित था। आरोप है कि वह अजहर के बयानों और भड़काऊ सामग्री को साझा कर युवाओं को भारत में हिंसक जेहाद के लिए उकसाता था।
मेरठ के मदरसे में पढ़ने गया था जफर
एटीएस के अनुसार, पूर्णिया का रहने वाला जफर पढ़ाई के लिए मेरठ के एक मदरसे में गया था। इसी दौरान उसके जैश-ए-मुहम्मद से प्रभावित होने की बात सामने आई। सोशल मीडिया गतिविधियों के विश्लेषण में भी उसके द्वारा मसूद अजहर की कथित भड़काऊ और जेहादी तकरीरों को साझा किए जाने की जानकारी मिली है।
जफर मेरठ आता-जाता रहता था। बीते कुछ समय में वह मेरठ, हापुड़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दूसरे शहरों में अपने ठिकाने बदलकर रह रहा था। पूछताछ में उसने एटीएस को बताया कि मदरसे में पढ़ाई के दौरान उसने जैश-ए-मुहम्मद के बारे में जानकारी हासिल की थी।
मदरसों से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज
जफर की गिरफ्तारी के बाद एटीएस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उन मदरसों और लोगों की भी जानकारी जुटा रही है, जिनसे उसके संपर्क होने का संदेह है। एजेंसी उसके जरिए पाकिस्तान तक रकम भेजे जाने और संगठन से जुड़े लोगों तक पहुंचने वाले नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। शुरुआती पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।



