छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत! उफान पर नदी-नाले, कई रास्ते बंद; IMD ने अगले 5 दिनों के लिए जारी किया अलर्ट

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लगातार हो रही तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। पुलों और रपटों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के सभी जिलों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

लगातार वर्षा के चलते सरगुजा संभाग के अधिकांश इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं, जबकि सीतापुर क्षेत्र में एक ट्रैक्टर तेज बहाव के बीच नदी में फंस गया। चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

अंबिकापुर में 24 घंटे में 102 मिमी बारिश

सरगुजा संभाग इस मानसून सीजन में अब तक औसत से कम वर्षा वाले क्षेत्रों में शामिल था। सरगुजा जिले में सामान्य से 58 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन सोमवार से मानसून सक्रिय होने के बाद पूरे संभाग में लगातार वर्षा हो रही है।

पिछले 24 घंटों के दौरान अंबिकापुर में 102 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि जिले के अन्य इलाकों में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश से जलस्तर तेजी से बढ़ा है।

कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर, आवाजाही प्रभावित

भारी बारिश के कारण सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र के मोहनपुर में झींक नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे यातायात बाधित हो गया।

वहीं चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के रसौकी मार्ग पर बरंगा नदी में पुल नहीं होने और बाढ़ का पानी बढ़ने से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड में मान नदी के उफान पर आने से पुल के ऊपर पानी बह रहा है। इसके चलते बिरिमकेला, महेशपुर, नकना, बटईकेला और सरमना गांवों की सड़क संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है और ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बढ़ते जलस्तर में नदी के बीच फंसा ट्रैक्टर

सीतापुर क्षेत्र के केसला गांव में मांढ़ नदी में रेत से भरी ट्रॉली लेकर उतरा एक ट्रैक्टर अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण बीच नदी में फंस गया।

बताया गया कि चालक रेत निकालने के लिए नदी में उतरा था, लेकिन पानी का बहाव तेज होने से ट्रैक्टर बाहर नहीं निकल सका। चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जबकि ट्रैक्टर और ट्रॉली नदी में ही फंस गए।

IMD ने अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का जताया अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक अच्छी और कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार वर्षा को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button