उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में बारिश का कहर! चेतावनी स्तर पर पहुंची गंगा, बदरीनाथ हाईवे के पास भूस्खलन से बढ़ी चिंता

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच मौसम विभाग ने आज भी कई इलाकों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। बदरीनाथ हाईवे से जुड़े क्षेत्र में भूस्खलन होने से हालात चिंताजनक बने हुए हैं, जबकि ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान तक पहुंचने से तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राहत की बात यह है कि भूस्खलन के कारण मंगलवार से बंद पड़ा यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अब यातायात के लिए खोल दिया गया है।

10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राज्य के दस जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर में येलो अलर्ट लागू है।

बीते 24 घंटों के दौरान देहरादून में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में 39.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

देहरादून में जलभराव से लोगों की बढ़ी परेशानी

लगातार बारिश के कारण राजधानी देहरादून के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। दून अस्पताल, तहसील चौक, हरिद्वार रोड, सहस्रधारा रोड, डीएल रोड और राजपुर रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। नगर निगम के कंट्रोल रूम में सुंदरवाला, डालनवाला, नेहरू कॉलोनी और नवादा समेत कई क्षेत्रों से जलभराव की शिकायतें दर्ज हुईं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

चेतावनी निशान तक पहुंची गंगा, तटीय क्षेत्रों में सतर्कता

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर ऋषिकेश में भी दिखाई दे रहा है। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए चेतावनी निशान तक पहुंच गया है, जिससे तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

वहीं विकासनगर क्षेत्र में बरसाती गौना नदी के उफान पर आने से एक बस और कई दोपहिया वाहन तेज बहाव में फंस गए। हालांकि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

अगस्त्यमुनि में कार पर गिरा बोल्डर

रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि कस्बे में पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से बड़ा बोल्डर गिरने से सड़क किनारे खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन के अनुसार लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

बदरीनाथ हाईवे से जुड़ी सुरंग के बाहर भूस्खलन

रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे को केदारनाथ हाईवे से जोड़ने वाली सुरंग के बाहरी हिस्से की पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ। इस घटना में राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रशासनिक भवन के एक कक्ष को नुकसान पहुंचा है। हालांकि सुरंग पूरी तरह सुरक्षित बताई गई है और उसके भीतर किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने तकनीकी और भूगर्भीय विशेषज्ञों से मौके का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।

यमुनोत्री हाईवे पर फिर शुरू हुई आवाजाही

पाली गाड़ के पास भूस्खलन के कारण मंगलवार से बंद पड़ा यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार दोपहर करीब दो बजे यातायात के लिए खोल दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम ने लगातार मलबा हटाकर मार्ग को बहाल किया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई।

Related Articles

Back to top button