बिहारराज्य

‘छात्रों को तुरंत रिहा करें, नहीं तो बिहार में होगा बड़ा आंदोलन’, नेहा बोरा की सरकार को चेतावनी; 30 जुलाई को राज्यव्यापी विरोध का ऐलान

पटना: आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने बिहार सरकार को गिरफ्तार छात्र नेताओं की रिहाई को लेकर कड़ा संदेश दिया है। पटना स्थित बेउर जेल में बंद छात्र नेताओं और आंदोलनकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि यदि जल्द सभी छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो राज्यभर में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर देशभर के छात्र भी बिहार में आंदोलन के समर्थन में जुटेंगे।

30 जुलाई को पूरे बिहार में विरोध दिवस

नेहा बोरा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग को लेकर सरकार को सीमित समय दिया गया है। यदि इस दौरान कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो 30 जुलाई को आइसा और आरवाईए के बैनर तले पूरे बिहार में राज्यव्यापी विरोध दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पालीगंज विधानसभा क्षेत्र में चक्का जाम का भी प्रस्ताव रखा गया है।

रिहाई और मुकदमे वापस होने तक जारी रहेगा आंदोलन

आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब तक सभी गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया जाता और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि हिरासत में लिए गए कई छात्र ऐसे भी हैं, जो प्रदर्शन में शामिल नहीं थे।

हिरासत में दुर्व्यवहार के आरोप

नेहा बोरा ने कहा कि बंद छात्रों ने आरोप लगाया है कि हिरासत के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने दावा किया कि छात्रों को धमकाया गया और जाति तथा धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं। उनके अनुसार, इन आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

बेउर जेल में छात्र नेताओं से की मुलाकात

नेहा बोरा ने बेउर जेल पहुंचकर जनशक्ति जनता दल के प्रमुख एवं पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव, पालीगंज विधायक संदीप सौरभ, आइसा अध्यक्ष धनंजय, पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत अन्य छात्र नेताओं और आंदोलनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि संगठन की कानूनी टीम सभी गिरफ्तार छात्रों की रिहाई के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।

जेल प्रशासन ने दिया आवश्यक सुविधाओं का भरोसा

नेहा बोरा के अनुसार, मुलाकात के दौरान जेल प्रशासन ने बंद छात्रों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा और पूर्व विधायक शिवप्रकाश रंजन भी मौजूद रहे। आइसा नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाने की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button