स्पोर्ट्स

रोहित शर्मा ने टी20 क्रिकेट में रचा नया इतिहास, भारत के लिए 400 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने आइपीएल 2021 के 51वें लीग मैच में राजस्थान रायल्स के खिलाफ तेज पारी खेलते हुए 13 गेंदों पर 22 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान दो छक्के व एक चौका लगाया और उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 169.23 का रहा। अपनी पारी के दौरान लगाए दो जबरदस्त छक्कों की मदद से उन्होंने एक ऐसा रिकार्ड अपने नाम कर लिया जो उनसे पहले किसी भी भारतीय बल्लेबाज ने टी20 क्रिकेट में इससे पहले नहीं बनाया था। हिटमैन अब टी20 क्रिकेट में 400 छक्कों का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

रोहित शर्मा ने टी20 क्रिकेट में 400 छक्के लगाए और ये कमाल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा ने अपने टी20 क्रिकेट करियर के 355वे मैच में ये उपलब्धि हासिल की और 400 छक्के पूरे किए। वहीं टी20 क्रिकेट में वो 400 छक्कों का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के सातवें बल्लेबाज बने। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पहले नंबर पर क्रिस गेल हैं जिनके नाम पर अब तक कुल 1042 छक्के दर्ज हैं तो वहीं 758 छक्कों के साथ किरोन पोलार्ड दूसरे तो आंद्रे रसेल 510 छक्कों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के टाप 7 बल्लेबाज-

क्रिस गेल- 1042 छक्के

किरोन पोलार्ड- 758 छक्के

आंद्रे रसेल- 510 छक्के

ब्रैंडम मैकुलम- 485 छक्के

शेन वाटसन- 467 छक्के

एबी डिविलियर्स- 434 छक्के

रोहित शर्मा- 400 छक्के

रोहित शर्मा भारत की तरफ से जहां टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं तो वहीं इस मामले में दूसरे स्थान पर सुरेश रैना हैं जिन्होंने अब तक कुल 325 छक्के लगाए हैं। भारत की तरफ से क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में विराट कोहली तीसरे स्थान पर हैं और उन्होंने अब तक कुल 320 छक्के लगाए हैं।

Related Articles

Back to top button