
पटना: ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद ने अपने भाई प्रिंस यादव की हत्या के मामले में पटना के कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने फैजल खान पर साजिश के तहत अपने भाई की हत्या करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। रौशन आनंद का कहना है कि यदि दोपहर 12 बजे तक उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो वह न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
बुधवार को रौशन आनंद अपने वकील के साथ कदमकुआं थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन सौंपा। उन्होंने कहा कि पहले उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में पटना पुलिस ने बेहद तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में कार्रवाई की थी, लेकिन अब जब वह अपने भाई की हत्या के मामले में शिकायत लेकर पहुंचे हैं तो उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।
‘न्यायपालिका और बिहार सरकार पर भरोसा’
रौशन आनंद ने कहा कि वह कई घंटों से थाने में मौजूद हैं, लेकिन अब तक उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने दावा किया कि आईजी स्तर से उन्हें आश्वासन मिला है कि दोपहर 12 बजे तक शिकायत दर्ज करने को लेकर निर्णय हो जाएगा। यदि ऐसा नहीं होता है तो वे कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार सरकार और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और न्याय मिलने की उम्मीद है।
भाई प्रिंस यादव की हत्या को बताया साजिश
रौशन आनंद का आरोप है कि उनके भाई प्रिंस यादव की नेपाल में योजनाबद्ध तरीके से हत्या कराई गई। उन्होंने दावा किया कि यह कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा थी। इस मामले को उन्होंने 2 जून को मुसल्लहपुर इलाके में हुई तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाओं से भी जोड़कर देखा है।
जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद रौशन आनंद ने सार्वजनिक रूप से फैजल खान का नाम लेते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
पुलिस ने बताई क्षेत्राधिकार की बाधा
कदमकुआं थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने से इनकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस घटना को लेकर शिकायत की जा रही है, वह नेपाल में हुई है। चूंकि मामला भारत की सीमा के बाहर का है, इसलिए स्थानीय स्तर पर सीधे एफआईआर दर्ज करने को लेकर कानूनी जटिलताएं हैं।
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने भी क्षेत्राधिकार संबंधी समस्या की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से परामर्श लिया जा रहा है और कानूनी राय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तेज प्रताप यादव ने सरकार पर उठाए सवाल
इस मामले पर जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि बिहार से जुड़े व्यक्ति की नेपाल में हत्या हुई है तो इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद ही वास्तविक तथ्य स्पष्ट होंगे और जल्द ही सच सामने आएगा।



