मध्य प्रदेशराज्य

रायसेन जेल में कैदी की फायरिंग से हड़कंप, जेल प्रहरी को गोली मारने के बाद भोपाल एम्स रेफर

रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विचाराधीन कैदी ने जेल प्रहरी पर कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगने से प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक जांच के बाद भोपाल स्थित एम्स रेफर किया गया है। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जेल के अंदर कैदी तक कट्टा आखिर पहुंचा कैसे।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9 बजे जिला जेल में सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान नीलेश ठाकुर नाम के आरोपी ने जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह पर कट्टे से गोली चला दी। गोली प्रहरी की कमर के नीचे लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

307 और 302 के मामलों का आरोपी है नीलेश ठाकुर

बताया गया है कि आरोपी नीलेश ठाकुर के खिलाफ पहले से ही धारा 307 और 302 के मामले चल रहे हैं। वह रायसेन जिले के बरेली के पास स्थित दिमाड़ा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में विचाराधीन कैदी है।

एसडीओपी प्रिभा शर्मा के अनुसार, नीलेश ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जेल का गेट खुलवाकर भागने की फिराक में था कैदी?

घटना को लेकर यह जानकारी भी सामने आई है कि कैदी नीलेश ठाकुर जेल का गेट खुलवाकर भागने की कोशिश में था। इसी दौरान उसने जेल प्रहरी पर गोली चला दी।

बताया जा रहा है कि स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित होना था। इस कार्यक्रम के लिए फलों की टोकरी लेकर कैदी नीलेश गेट पर पहुंचा था और इसी दौरान उसने फायरिंग कर दी।

गोली फेफड़े के निचले हिस्से में नजर आई, हालत गंभीर

रायसेन जिला अस्पताल के चिकित्सक अभिषेक सागर के मुताबिक घायल मरीज की पीठ के ऊपरी हिस्से में गोली लगी है। एक्सरे जांच में गोली फेफड़े के निचले भाग में दिखाई दी है।

डॉक्टर के अनुसार फेफड़े में पानी जमा होना भी शुरू हो गया है। मरीज की जान को खतरा देखते हुए उसे गंभीर हालत में भोपाल स्थित एम्स रेफर किया गया है।

जेल के अंदर कट्टा कैसे पहुंचा, होगी जांच: एसपी

घटना के बाद जिला जेल में बड़े अधिकारियों का जमावड़ा लग गया। एसपी आशुतोष गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

एसपी आशुतोष गुप्ता ने कहा कि चूंकि घटना जेल के भीतर हुई है, इसलिए जेल अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि जेल के अंदर कट्टा आखिर कैसे पहुंचा, इसकी भी गहन जांच की जाएगी। मामले में जेल स्टाफ से भी पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Back to top button