उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 2 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार; आज 9 जिलों में बरसेंगे बादल

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के नौ पहाड़ी जिलों में 2 नवंबर तक हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। बुधवार को भी कई जिलों में बारिश के आसार हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

आज इन 9 जिलों में बारिश की संभावना

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, चंपावत और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3,500 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव के बीच ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।

बदरीनाथ-केदारनाथ में 39.68 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में इस साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे हैं। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत यात्रा का संचालन किया गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, अब तक बदरीनाथ धाम में 21,33,616 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। 16 नवंबर को कपाट बंद होने तक श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, केदारनाथ धाम में अब तक 18,34,857 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

दोनों धामों को मिलाकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 39,68,473 पहुंच गई है। वहीं, चारधाम यात्रा में अब तक 62 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने की जानकारी दी गई है। सोमवार शाम श्रद्धालुओं ने बदरीविशाल की शयन आरती में भी हिस्सा लिया।

बागेश्वर में भूकंप के हल्के झटके, लोग घरों से बाहर निकले

बागेश्वर और आसपास के इलाकों में मंगलवार देर शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। भूकंप के झटके शाम 6 बजकर 19 मिनट पर महसूस हुए, जिसके बाद कुछ स्थानों पर लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के मुताबिक, भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

Related Articles

Back to top button