State News- राज्यझारखण्ड

झारखंड में दोहराया श्रद्धा हत्याकांड, एक और ‘आफताब’ ने प्रेमिका का कत्ल कर टुकड़ों में काटा

बोरियो : झारखंड में श्रद्धा हत्याकांड जैसा कांड दोहराया गया है। सूबे के साहिबगंज जिले में कथित तौर पर प्रेमी द्वारा प्रेमिका की हत्या कर उसके शव के कई टुकड़े करने का मामला सामने आया है। मिली सूचना के मुताबिक शनिवार की देर शाम स्थानीय लोगों ने बोरियो प्रखंड अंतर्गत बोरियो संताली पंचायत के मोमिन टोला में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे इंसानी शव का टुकड़ा पड़ा हुआ देखा। लोगों ने देखा कि कुत्ते पैर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों को नोंच-नोंचकर खा रहे हैं। लोगों ने इस बात से पंचायत के मुखिया को अवगत कराया। मुखिया के बेटे मनोज दास ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर बोरियो थाना प्रभारी जगन्नाथ पान और एएसआई करुण कुमार राय दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

थाना प्रभारी जगन्नाथ पान ने एएसआई करुण कुमार राय के साथ मिलकर छानबीन शुरू की। बेला टोला से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए युवक की निशानदेही पर पुलिस ने आंगनबाड़ी केंद्र से तकरीबन 300 मीटर दूर स्थित मांझटोला के एक बंद पड़े मकान से शव के कई और टुकड़े भी बरामद किए हैं। कुछ टुकड़े फर्श पर बिखरे हुए थे तो वहीं कुछ टुकड़ों को बोरे में भरकर रखा गया था। आरंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बताया है कि मृतिका आदिम पहाड़िया जनजातीय समुदाय की थी। वहीं आरोपी समुदाय विशेष का है। पुलिस की आरंभिक जांच के मुताबिक युवक और मृतिका ने प्रेम विवाह किया था और बीते कुछ दिनों से साथ रह रहे थे।

देर रात घटना की जानकारी मिलने के बाद साहिबगंज के एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा, डीएसपी सहित अन्य वरीय अधिकारियों के साथ बोरियो पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने वरीय अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ अभी भी बोरियो में ही कैंप किया हुआ है। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अभी तक पीड़िता या आरोपी के नाम का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, कहा जा रहा है कि पीड़िता आदिम पहाड़िया जनजाति समुदाय की थी और डोडा पहाड़ की रहने वाली थी। हत्या की वजह क्या थी, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।

Related Articles

Back to top button