राजनीतिराष्ट्रीय

सोनिया गांधी ने राज्यसभा के लिए किया नामांकन दाखिल, कांग्रेस ने किए 3 और उम्मीदवार घोषित

नई दिल्‍ली : लोकसभा से पहले राज्यसभा की सीटों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेस की तरफ से भी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) समेत चार नामों का ऐलान कर दिया गया है। खबर है कि सोनिया राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचकर नामांकन दाखिल कर चुकी हैं। उनके इस फैसले के बाद से ही गांधी परिवार का गढ़ मानी जाने वाली रायबरेली सीट को लेकर भी अटकलें चल रही हैं। कांग्रेस ने राजस्थान से सोनिया के अलावा बिहार से डॉक्टर अखिलेश प्रसाद सिंह, हिमाचल प्रदेश से सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी और महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे को उम्मीदवार बनाया है।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य नेताओं ने सोनिया गांधी का जयपुर में स्वागत किया। विधानसभा भवन में दाखिल किए जाने वाले नामांकन में उनका साथ देने के लिए पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से लोकसभा सांसद राहुल गांधी भी जयपुर आए हैं। खबरें हैं कि राहुल ने किसान आंदोलन के चलते भारत जोड़ो न्याय यात्रा का झारखंड का दूसरा चरण छोड़ने का फैसला लिया है।

भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भी बुधवार को राज्यसभा के लिए दो उम्मीदवारों के नाम जारी किए गए हैं। ताजा सूची के अनुसार, भाजपा ने मध्य प्रदेश से एल मुरुगन और ओडिशा से एक बार फिर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले एमपी से भाजपा ने माया नारोलिया, बंसीलाल गुर्जर और उमेश नाथ महाराज के नाम का भी ऐलान किया था।

Related Articles

Back to top button