देहरादून, 06 मई 2026। राजधानी देहरादून में विद्युत लाइनों की अंडरग्राउंड केबलिंग को लेकर काम में तेजी लाने के लिए मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में ऊर्जा विभाग और जिलाधिकारी देहरादून के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने पिटकुल को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का कार्य हर हाल में जून माह तक पूरा किया जाए।
सीमित स्थानों पर केंद्रित होगा काम, शहरवासियों को मिलेगी राहत
मुख्य सचिव ने कार्य प्रणाली में बदलाव पर जोर देते हुए कहा कि पूरे शहर में एक साथ काम शुरू करने के बजाय सीमित स्थानों पर कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी श्रमिकों को एक ही स्थान पर केंद्रित कर तेजी से काम पूरा किया जाए, ताकि सड़कों की अनावश्यक खुदाई से बचा जा सके और आम जनता को कम से कम असुविधा हो।

जिलाधिकारी के साथ समन्वय और सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश
उन्होंने कहा कि कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए जिलाधिकारी देहरादून के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए। साथ ही जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करें, ताकि प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके।

एक स्थान पूरा होने के बाद ही अगले चरण की अनुमति
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि किसी भी नए स्थान पर कार्य शुरू करने की अनुमति तभी दी जाए, जब पहले से चल रहे स्थान पर कार्य पूरी तरह समाप्त हो जाए। इस रणनीति से कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल तथा पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




