राजस्थान

राजस्थान में मानसून का जोरदार असर! 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जयपुर-अजमेर समेत कई इलाकों में झमाझम बरसात

जयपुर: राजस्थान में अगस्त की शुरुआत तेज मानसूनी गतिविधियों के साथ होने जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को प्रदेश के पांच जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट लागू किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

जयपुर-अजमेर समेत कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, अजमेर, सीकर, झुंझुनूं, बूंदी, कोटा और प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर एक से दो इंच तक वर्षा हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में तेज बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

5 से 6 अगस्त तक सक्रिय रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, मानसून ट्रफ फिलहाल जैसलमेर, कोटा और रायसेन से होते हुए छत्तीसगढ़ के ऊपर बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र से गुजर रही है। यह मौसम प्रणाली धीरे-धीरे पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रही है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में 5 से 6 अगस्त तक हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बरकरार

जहां पूर्वी राजस्थान में मानसून सक्रिय बना हुआ है, वहीं पश्चिमी जिलों में पश्चिमी हवाओं के कारण गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 40.1 डिग्री, बीकानेर में 39.6 डिग्री, फलोदी में 38.8 डिग्री और चूरू में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में दर्ज हुई सबसे ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, अजमेर जिले के सरवाड़ में सबसे अधिक 45 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर के जालसू में 43 मिमी, कालवाड़ में 34 मिमी, सीकर के नीमकाथाना में 34 मिमी, रींगस में 29 मिमी, खंडेला में 27 मिमी, चौमूं में 25 मिमी, प्रतापगढ़ के सुहागपुरा में 23 मिमी, फागी में 21 मिमी, कोटा के सांगोद में 20 मिमी तथा शाहपुरा और दूदू में 20-20 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इन क्षेत्रों में खेतों और जलाशयों में पानी की अच्छी आवक हुई है।

कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज

अलवर में बादलों की आवाजाही के चलते लोगों को तेज धूप से राहत मिली और अगले 24 घंटे में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। सीकर में सुबह बादल छाए रहे, जबकि दोपहर बाद उमस बढ़ गई। कोटा और उदयपुर में भी रुक-रुक कर बारिश हुई। वहीं जोधपुर में बारिश नहीं होने से उमस बनी रही, हालांकि अगले छह दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। अजमेर में भी अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मध्यम से तेज बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों के लोगों से नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। विभाग का कहना है कि यदि मौजूदा मौसम प्रणाली सक्रिय बनी रही तो अगस्त के पहले सप्ताह में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button