बिहारराज्य

परीक्षा देने जा रहे छात्रों का फूटा गुस्सा! पाटलिपुत्र स्टेशन पर बवाल, ट्रेन में तोड़फोड़-पथराव; IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल

पटना: बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे हजारों अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर फूट पड़ा। ट्रेनों की कमी और निर्धारित समय पर ट्रेनें नहीं पहुंचने से नाराज छात्रों ने स्टेशन परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान रेलवे ट्रैक जाम कर दिया गया, ट्रेनों को रोका गया और एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की गई। हालात बिगड़ने पर पथराव भी हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

परीक्षा छूटने की आशंका से बढ़ा आक्रोश

मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी थी। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रात से ही पाटलिपुत्र स्टेशन पर जुटने लगे थे। लेकिन पर्याप्त ट्रेनों की व्यवस्था नहीं होने और कई गाड़ियों के देरी से आने के कारण छात्रों में परीक्षा छूटने की चिंता बढ़ने लगी। इसी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

एग्जाम स्पेशल ट्रेन पहुंचते ही मची अफरा-तफरी

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पहुंची। ट्रेन में चढ़ने को लेकर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नाराज अभ्यर्थी ट्रेन के आगे रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

ट्रेन में तोड़फोड़ और पथराव से बिगड़े हालात

हंगामे के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की। इसके साथ ही पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। अचानक भड़की हिंसा के कारण स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी फैल गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आने लगी।

हालात काबू करने के लिए पुलिस ने की हवाई फायरिंग

घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद भीड़ को हटाने और कानून-व्यवस्था बहाल करने की कोशिशें तेज की गईं।

IG समेत कई पुलिसकर्मी हुए घायल

हंगामे और पथराव के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी चोटें आईं। जानकारी के मुताबिक आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।

रेलवे और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

फिलहाल आईजी, एसपी, दानापुर एसडीएम, एएसपी और कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है। प्रशासन अभ्यर्थियों को शांत कराने और हालात सामान्य बनाने में जुटा है। वहीं रेलवे प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचाने के लिए तत्काल अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है।

Related Articles

Back to top button